बाघेल हत्याकांड में अमन श्रीवास्तव पर केस दर्ज, हजारीबाग एसपी ने की पूछताछ
Updated at : 20 Dec 2018 8:02 AM (IST)
विज्ञापन

उरीमारी : समाजसेवी निशि पांडेय के समर्थक संजीव सिंह बाघेल हत्याकांड मामले में 36 घंटा बीत जाने के बाद भी पुलिस के हाथ खाली हैं. हालांकि इस मामले में उरीमारी थाना में श्रीवास्तव गुट के सरगना अमन श्रीवास्तव समेत अन्य छह अज्ञात पर हत्या का मामला दर्ज कर लिया गया है. बाघेल के साथ घटना […]
विज्ञापन
उरीमारी : समाजसेवी निशि पांडेय के समर्थक संजीव सिंह बाघेल हत्याकांड मामले में 36 घंटा बीत जाने के बाद भी पुलिस के हाथ खाली हैं. हालांकि इस मामले में उरीमारी थाना में श्रीवास्तव गुट के सरगना अमन श्रीवास्तव समेत अन्य छह अज्ञात पर हत्या का मामला दर्ज कर लिया गया है.
बाघेल के साथ घटना के वक्त मौजूद गोली से घायल हुए अमित उरांव के बयान पर पुलिस ने यह केस दर्ज किया है. हालांकि, पुलिस इस मामले में पहले से ही श्रीवास्तव गुट पर शक कर रही थी. गैंग के कई गुर्गों के घर व ठिकानों पर मंगलवार को घटना के बाद से ही छापामारी की जा रही है.
इस क्रम में भुरकुंडा व पतरातू थाना क्षेत्र के रोचाप, सौंदा व जयनगर में छापामारी हुई. हालांकि श्रीवास्तव गैंग का कोई भी नामचीन शूटर अब तक पुलिस के हत्थे नहीं लगा है. रांची डीएसपी इको डुंगडुंग के नेतृत्व में एटीएस टीम ने भी घटनास्थल की जांच की. स्थानीय लोगों से भी बातचीत की.
इधर, कहा जा सकता है कि इस मामले में अब तक एक कदम भी नहीं चल पायी है. सिर्फ अंधेरे में तीर चला रही है. यह मामला हजारीबाग जिले में जरूर हुआ है, लेकिन रामगढ़ पुलिस के लिए भी यह एक चुनौती है.
बाघेल रामगढ़ जिला के भुरकुंडा थाना क्षेत्र अंतर्गत पोड़ा सयाल का रहने वाला था. इस कांड के उद्भेदन में दोनों जिला की पुलिस लगी हुई है. घटना के दूसरे दिन बुधवार को हजारीबाग के एसपी मयूर पटेल भी यहां पहुंचे थे. उन्होंने घटनास्थल का मुआयना करने के बाद पदाधिकारियों को कुछ आवश्यक दिशा-निर्देश दिया.
अमूमन इस क्षेत्र में घटित हर घटना के बाद एकाएक पुलिस की सक्रियता काफी बढ़ जाती है. लेकिन विगत एक वर्ष में हुए कई ऐसी घटनाओं के कुछ समय बाद मामला ठंडे बस्ते में चला जाता है. इस बात से समाजसेवी निशि पांडेय के समर्थकों में पुलिस के खिलाफ काफी रोष भी है. खुद निशि पांडेय भी पुलिस पर सुस्ती बरतने की बात कह चुकी हैं.
शव पहुंचते ही गमगीन हुआ माहौल
बाघेल का शव पोस्टमार्टम के बाद मंगलवार देर रात पोड़ा स्थित आवास लाया गया. शव पहुंचते ही पूरा माहौल गम में डूब गया. घर-परिवार के लोग दहाड़ मार कर रोने लगे. सैकड़ों लोगों की भीड़ जुटी थी. सभी आंखें नम थी. बुधवार की सुबह बड़कागांव विधानसभा क्षेत्र की समाजसेवी निशि पांडेय भी पहुंची.
अपने सामाजिक अभियान में सक्रिय रूप से शामिल रहने वाले समर्थक बाघेल को देख कर उनकी आंखें भी नम हो गयी. स्थानीय दामोदर नदी घाट पर शव का अंतिम संस्कार किया गया. मुखाग्नि बड़े पुत्र आदित्य कुमार सिंह ने दिया.
बाघेल के परिवार में पत्नी शारदा देवी, मां विमला देवी, पिता उदयनारायण सिंह, पुत्री मुस्कान कुमारी, पुत्र आदित्य व आदर्श हैं. मौके पर पतरातू एसडीपीओ प्रकाशचंद्र महतो समेत कई थानों की पुलिस भी मौजूद थी.
अंतिम संस्कार के मौके पर उप प्रमुख रामाशंकर पांडेय, मुखिया रीता देवी, सत्येंद्र यादव, पंसस बलजीत सिंह, सुशांति तिवारी, अमित बक्शी, निशांत सिंह, बबन पांडेय, वसीम रजा, वारिस खान, संतोष अग्रवाल, राजाराम प्रजापति, वीरेंद्र पासवान, विनोद साहू, अंजीत पासवान, जयनारायण बेदिया, रमेश सिंह, गुड्डू प्रसाद, छोटू सिंह, राकेश सिंह, उपेंद्र शर्मा, डब्लू पांडेय, धनेश्वर प्रसाद, केदार राम, रमेश सिंह, रमेश यादव, गुड्डू कुमार मौजूद थे.
सामाजिक कैंपेन को लीड करते थे संजीव सिंह बाघेल
समाजसेवी निशि पांडेय के सामाजिक अभियान को संजीव सिंह बाघेल ही लीड किया करते थे. आगामी विधानसभा चुनाव की तैयारियों के मद्देनजर लोगों से जनसंपर्क करने, सामाजिक गतिविधियों को निभाने, चुनाव की रणनीति तैयार करने में संजीव लीड रोल में रहते थे.
उनकी हत्या ने सबों को झकझोर कर रख दिया है. संजीव कुशल व्यवहार के धनी थे. उनकी हत्या से लोग मर्माहत हैं. हत्या के एक दिन पूर्व उनके ही नेतृत्व में पटेल नगर चपरासी धौड़ा में गरीबों के बीच कंबल वितरण का कार्यक्रम हुआ था.
दूसरे दिन भी बंद रहा जमुरिया बाजार, पुलिस अलर्ट
घटना के दूसरे दिन भी सयाल का जमुरिया बाजार बंद रहा. वहीं, पुलिस मामले को लेकर हाई अलर्ट है. क्षेत्र में एटीएस की टीम भी पहुंच गयी है. इसके अलावा रामगढ़ व हजारीबाग से अतिरिक्त पुलिस बल मंगाया गया है. खास कर भुरकुंडा, पतरातू, सयाल व उरीमारी में प्रमुख स्थलों पर पुलिस लगातार नजर रखे हुए है. किसी भी स्थिति से निबटने के लिए पुलिस तैयार दिख रही है.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
विज्ञापन
लेखक के बारे में
By Prabhat Khabar Digital Desk
यह प्रभात खबर का डिजिटल न्यूज डेस्क है। इसमें प्रभात खबर के डिजिटल टीम के साथियों की रूटीन खबरें प्रकाशित होती हैं।
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए
विज्ञापन




