राधा-कृष्ण की भक्ति में सराबोर हुआ रजरप्पा, मंदिरों में सुबह से गूंज रहे भजन-कीर्तन
राधा के रूप में तैयार बच्ची | Prabhat Khabar Network
रजरप्पा कोयलांचल में श्रीकृष्ण जन्माष्टमी का पर्व धूमधाम से मनाया जा रहा है। बच्चे राधा-कृष्ण के रूप में सजकर भक्ति में सराबोर नजर आ रहे हैं।
रजरप्पा: रजरप्पा कोयलांचल क्षेत्र में श्रीकृष्ण जन्माष्टमी का पर्व शुक्रवार को पूरे उल्लास और श्रद्धाभाव के साथ मनाया जा रहा है. पूरा कोयलांचल राधा-कृष्ण की भक्ति में सराबोर नजर आया. क्षेत्र के विभिन्न मंदिरों में सुबह से ही भक्ति गीतों और भजन-कीर्तन की गूंज सुनाई देती रही. मंदिरों को आकर्षक ढंग से सजाया गया है और भगवान श्रीकृष्ण के जन्मोत्सव को लेकर श्रद्धालुओं में खासा उत्साह है.
आपके शहर में
श्रद्धालुओं ने रखा उपवास, दिनभर हुई पूजा-अर्चना
जन्माष्टमी को लेकर महिला और पुरुष श्रद्धालुओं ने उपवास रखा. लोगों ने भगवान श्रीकृष्ण और राधा की पूजा-अर्चना की तथा दिनभर भजन-कीर्तन में शामिल हुए. शाम होते ही मंदिरों के साथ-साथ घरों में भी जन्माष्टमी की तैयारियां तेज हो गयीं.
श्रद्धालु भगवान श्रीकृष्ण के जन्म का बेसब्री से इंतजार करते रहे. देर रात जन्मोत्सव के बाद विधिवत पूजा-अर्चना और प्रसाद वितरण किया जायेगा.
बच्चों में दिखा सबसे अधिक उत्साह
जन्माष्टमी को लेकर सबसे अधिक उत्साह छोटे बच्चों में देखने को मिला. जिन घरों में छोटे बच्चे हैं, वहां माताओं ने बच्चों को नटखट कान्हा और राधा के रूप में सजाया. बच्चे सिर पर मोर मुकुट, हाथ में बांसुरी और पीले वस्त्र धारण कर बाल गोपाल के रूप में आकर्षक नजर आये.
वहीं, बच्चियों को राधा के रूप में सजाया गया. इससे घर-घर में कृष्ण जन्मोत्सव की मनमोहक छटा देखने को मिली.
झांकियों और सांस्कृतिक कार्यक्रमों की भी तैयारी
क्षेत्र के कई स्थानों पर बच्चों के लिए कृष्ण-राधा रूप सज्जा, झांकी और सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन किया जा रहा है. मंदिरों और पूजा स्थलों पर देर रात तक श्रद्धालुओं की भीड़ जुटने की संभावना है.
देर रात गूंजेंगे नंद के घर आनंद भयो के जयकारे
भगवान श्रीकृष्ण के जन्म के अवसर पर श्रद्धालु पूजा-अर्चना के बाद प्रसाद का वितरण करेंगे. जन्मोत्सव के दौरान पूरे क्षेत्र में ‘नंद के घर आनंद भयो, जय कन्हैया लाल की’ के जयकारे गूंजेंगे.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए