पलामू के हरिहरगंज में सड़क नहीं गड्ढों का जाल - 18 KM का सफर बना आफत; ग्रामीण बोले, अब होगा आंदोलन
जर्जर सड़क पर जलजमाव की समस्या दिखाते ग्रामीण. | Prabhat Khabar Network
हरिहरगंज में जर्जर सड़क और जलजमाव से ग्रामीणों को भारी परेशानी हो रही है. ग्रामीणों ने सड़क निर्माण की मांग को लेकर आंदोलन की चेतावनी दी है.
कृष्णा गुप्ता की रिपोर्ट
हरिहरगंज (पलामू). हरिहरगंज प्रखंड क्षेत्र में सुल्तानी मोड़ एनएच-139 से बेला घाट होते हुए ढकचा मोड़ तक करीब आठ किमी और निचली बराज से ढकचा मोड़ तक करीब 10 किमी सड़क जर्जर हो चुकी है. सड़क पर जगह-जगह गहरे गड्ढे, नुकीले पत्थर और बारिश का जमा पानी राहगीरों के लिए परेशानी का कारण बना हुआ है. कई जगह जलजमाव के कारण सड़क और गड्ढे का अंतर तक नजर नहीं आता. इससे दोपहिया वाहन चालकों, स्कूली बच्चों, किसानों और मरीजों को आवागमन में परेशानी हो रही है.
काफी पहले हुआ था सड़कों का निर्माण
ग्रामीणों के अनुसार, दोनों सड़कों का निर्माण काफी पहले हुआ था. इसके बाद से अब तक न तो समुचित मरम्मत हुई और न ही पुनर्निर्माण की दिशा में ठोस पहल की गयी. भारी वाहनों के लगातार आवागमन से सड़क की स्थिति और खराब हो गयी है. इस मार्ग से प्रतिदिन हाइवा, ट्रेलर समेत बड़ी संख्या में छोटे-बड़े वाहन गुजरते हैं.
शीघ्र पहल नहीं हुई तो आंदोलन
सड़क की बदहाली को लेकर सरसोत गांव में वार्ड सदस्य जितेंद्र प्रजापति की अध्यक्षता में बैठक हुई. बैठक में ग्रामीणों ने जल्द सांसद बीडी राम से मिलकर हस्ताक्षरयुक्त आवेदन देने और दोनों सड़कों के शीघ्र पुनर्निर्माण की मांग करने का निर्णय लिया. ग्रामीणों ने कहा कि मांग पर शीघ्र पहल नहीं हुई, तो आंदोलन किया जायेगा.
ये भी पढ़ें: पुलिस वाले के घर में ही चोरी! इंस्पेक्टर के पैतृक आवास से लाखों के जेवरात और नकदी ले उड़े चोर
दर्जनों गांवों को जोड़ता है
ग्रामीण अक्षय कुमार, निर्भय शर्मा, राकेश कुमार साव, रविरंजन मेहता, कृष्णा साव, संतन मेहता, उदय यादव, मुकेश कुमार, पंकज कुमार, ननकू मेहता समेत अन्य ने कहा कि यह मार्ग सरसोत, सलैया, पचमो, परिया, ढकचा समेत दर्जनों गांवों को जोड़ता है. साथ ही बिहार जाने के लिए भी यह महत्वपूर्ण संपर्क मार्ग है.
ये भी पढ़ें: PM मोदी के 25 वर्ष सेवा के उपलक्ष्य में भाजपा का सेवा पखवाड़ा: पलामू MP बीडी राम बोले- मनेगा दीपोत्सव
गड्ढों के कारण कई दुर्घटनाएं
बरसात में जलजमाव और गर्मी में उड़ती धूल से परेशानी बढ़ जाती है. गड्ढों के कारण कई छोटी-बड़ी दुर्घटनाएं भी हो चुकी हैं. ग्रामीणों ने प्रशासन और जनप्रतिनिधियों से शीघ्र सड़क पुनर्निर्माण कराने की मांग की है. मांग पूरी नहीं होने पर चरणबद्ध आंदोलन की चेतावनी दी है.
आपके शहर में
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए