झुंड से बिछड़ा हाथी मोहम्मदगंज वन क्षेत्र में घुसा, मजदूरों का घर तोड़ा

Published by : Akarsh Aniket Updated At : 20 Feb 2026 10:27 PM

विज्ञापन

एकोनी गांव में मचाया उत्पात, वन विभाग व पुलिस अलर्ट

विज्ञापन

एकोनी गांव में मचाया उत्पात, वन विभाग व पुलिस अलर्ट प्रतिनिधि, मोहम्मदगंज. शुक्रवार की शाम झुंड से बिछड़ा एक जंगली हाथी भटकते हुए मोहम्मदगंज वन क्षेत्र की सीमा में प्रवेश कर गया. हाथी ने वन क्षेत्र के एकोनी गांव में ईंट भट्ठा मजदूरों के लिए करकट और ईंट से बनी झोपड़ी को क्षतिग्रस्त कर दिया. वहीं घर में रखे खाने-पीने के सामान को भी तहस-नहस कर दिया. हाथी के आने की सूचना मिलते ही इलाके में अफरातफरी का माहौल बन गया. सड़क से गुजरने वाले छोटे-बड़े वाहनों के चालक और सवार लोग भयभीत दिखे. एहतियात के तौर पर वाहनों की रफ्तार धीमी कर दी गयी. सूचना मिलते ही वन विभाग और हुसैनाबाद अनुमंडल के सभी थाना क्षेत्र की पुलिस को अलर्ट कर दिया गया है. वन विभाग की रेस्क्यू टीम संभावित घटना और जानमाल की क्षति से बचाव के लिए हाथी की हर गतिविधि पर नजर रखे हुए है. टीम घटना स्थल के लिए रवाना हो गयी है. हुसैनाबाद, हैदरनगर और मोहम्मदगंज पुलिस ने ग्रामीणों से हाथी से दूरी बनाए रखने और उसे किसी भी तरह से उकसाने से परहेज करने की अपील की है. मोहम्मदगंज के वनपाल मिथुन कुमार रजक ने बताया कि उत्पात मचा रहे हाथी की सूचना जिला मुख्यालय को दे दी गयी है. वरीय अधिकारियों के निर्देश पर मोहम्मदगंज, छतरपुर, पाटन और विश्रामपुर वन विभाग की टीमें वाहनों के साथ मौके के लिए रवाना हुई हैं. टीम द्वारा हाथी की लोकेशन पर लगातार नजर रखी जा रही है. वाहनों पर लगे ध्वनि विस्तारक यंत्र के माध्यम से ग्रामीणों को बचाव संबंधी दिशा-निर्देश भी दिये जा रहे है. तीन साल पहले भी इलाके में घुसा था हाथी करीब तीन साल पहले भी जंगली हाथियों का एक झुंड मोहम्मदगंज वन क्षेत्र में पहुंचा था. वन विभाग और ग्रामीणों के संयुक्त प्रयास से झुंड को इलाके से बाहर खदेड़ दिया गया था. हालांकि उस दौरान एक हाथी झुंड से बिछड़ गया था, जिसने कई गांवों में उत्पात मचाते हुए फसलों को नुकसान पहुंचाया था. तीन साल बाद फिर हाथी के आगमन से ग्रामीणों में दहशत का माहौल है. वन विभाग स्थिति पर नजर बनाए हुए हैं और लोगों से सतर्क रहने की अपील कर रहा है.

विज्ञापन
Akarsh Aniket

लेखक के बारे में

By Akarsh Aniket

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन
Sponsored Linksby Taboola