पांकी में बारिश से भरभराकर गिरा गरीब का कच्चा मकान, बाल-बाल बचा छह लोगों का परिवार
ध्वस्त मकान के सामने खड़ी रीता देवी | Prabhat Khabar Network
पांकी में भारी बारिश के कारण गरीब रीता देवी का कच्चा मकान ढह गया। 10 साल से प्रधानमंत्री आवास योजना का इंतजार कर रहे परिवार ने प्रशासन से मदद की गुहार लगाई है।
पांकी, पलामू : प्रखंड क्षेत्र की पांकी पश्चिमी पंचायत के सुंदेरीबांध गांव में पिछले दिनों हुई भारी बारिश के दौरान रीता देवी पति बिक्रम राम का कच्चा मकान अचानक भरभराकर गिर गया. हादसे के वक्त परिवार के लोग घर के अंदर सो रहे थे. मकान गिरने की तेज आवाज सुनकर मची चीख-पुकार के बीच सभी आनन-फानन में बाहर भागे. इस तरह अभिमन्यु कुमार, अनूप कुमार, रेणु देवी और आर्यन कुमार समेत छह लोगों की जान बच गयी.
आपके शहर में
मलबे में दबकर घर का सारा सामान बर्बाद
मकान गिरने के बाद अत्यंत गरीब परिवार के सामने खुले आसमान के नीचे रहने के साथ भोजन का भी संकट खड़ा हो गया है. मलबे में सोने की चारपाई, चावल से भरे ड्रम, कुर्सी, पंखा, चूल्हा, कपड़े और खाने-पीने का अन्य सामान दबकर नष्ट हो गया.
पीड़ित परिवार के अनुसार, वह पिछले 10 वर्षों से प्रधानमंत्री आवास योजना का लाभ लेने के लिए मुखिया से लेकर प्रखंड कार्यालय तक के चक्कर लगा रहा था. इसके बावजूद अब तक पक्का आवास नहीं मिल सका.
आवास के नाम पर रिश्वत मांगने का आरोप
पीड़ित ने पंचायत से लेकर प्रखंड स्तर तक के कुछ बिचौलियों पर आवास का लाभ दिलाने के नाम पर दो हजार से पांच हजार रुपये तक रिश्वत मांगने का आरोप लगाया है. हालांकि, इस आरोप की स्वतंत्र रूप से पुष्टि नहीं हो सकी है. पीड़ित ने सवाल उठाया कि क्या प्रशासन किसी बड़े हादसे का इंतजार कर रहा था.
तत्काल राहत और आवास की मांग
घटना के बाद सहमे परिवार ने प्रशासन और जनप्रतिनिधियों से तत्काल राहत सामग्री उपलब्ध कराने, रहने की वैकल्पिक व्यवस्था करने और अविलंब पक्का आवास दिलाने की मांग की है. ग्रामीणों ने गांव में रह रहे करीब छह अन्य गरीब परिवारों की सुरक्षा को देखते हुए मानसून के दौरान क्षेत्र के सभी जर्जर मकानों का तत्काल सुरक्षा सर्वे कराने की भी मांग की है.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए