दुकान के बाहर खड़ा पिकअप वाहन चोरी, पुलिस जांच में जुटी
चोरी गए पिक अप वाहन की पुरानी फोटो | Prabhat Khabar Network
पलामू के छतरपुर में एनएच 98 स्थित दुकान के बाहर से पिकअप वाहन चोरी हो गया। पुलिस सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है और मामले की जांच में जुटी है।
छतरपुर: पलामू जिले के छतरपुर थाना क्षेत्र के एनएच 98 स्थित सड़मा गांव में बीती रात दुकान के बाहर खड़ा एक पिकअप वाहन अज्ञात चोरों ने रात के अंधेरे का फायदा उठाकर गायब कर दिया. रविवार सुबह जब वाहन मालिक अपनी दुकान पर पहुंचा, तो वाहन को गायब पाकर उसके होश उड़ गये.उसने इधर उधर काफी खोजबीन की लेकिन वाहन का कोई भी सुराग नहीं मिल सका.घटना के बाद से इलाके के व्यवसायियों में सुरक्षा को लेकर चिंता देखी जा रही है.
पीड़ित व्यवसाई ने दर्ज कराई शिकायत
वाहन मालिक राकेश गुप्ता ने बताया कि वह सड़मा स्थित महिंद्रा पेट्रोल पंप के समीप ''श्री बालाजी मोटर्स'' के नाम से पुरानी गाड़ियों की खरीद-बिक्री का व्यवसाय करते हैं. रोज की तरह शनिवार रात को भी उन्होंने अपना पिकअप वाहन (रजिस्ट्रेशन संख्या: बीआर 45 जीबी 1590) दुकान के ठीक बाहर खड़ा किया था. इसके बाद वह दुकान के अंदर ही सोने चले गये थे. सुबह जब वह जागे, तो वाहन वहां मौजूद नहीं था. पीड़ित के अनुसार चोरी गये इस पिकअप वाहन की अनुमानित कीमत लगभग 8 लाख रुपये है. घटना की लिखित जानकारी तुरंत छतरपुर थाना पुलिस को दे दी गयी है.
सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है पुलिस
मामले की गंभीरता को देखते हुए छतरपुर थाना पुलिस तुरंत एक्शन में आ गयी है. थाना प्रभारी सौरभ चौबे ने बताया कि पीड़ित व्यवसाई के आवेदन के आधार पर संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर लिया गया है. पुलिस की एक विशेष टीम गठित कर जांच शुरू कर दी गयी है. अपराधियों की धरपकड़ के लिए नेशनल हाईवे और आसपास की दुकानों में लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले जा रहे हैं. थाना प्रभारी ने दावा किया है कि जल्द ही चोरी में शामिल अपराधियों की पहचान कर ली जायेगी और वाहन को सकुशल बरामद कर लिया जायेगा.
आपके शहर में
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए