मानवता की मिसाल बना पलामू डालसा : दादाजी की मौत के बाद अनाथ हुए 3 मासूमों को मिला सहारा
झालसा ने पलामू के अनाथ बच्चों की मदद के लिए पहल की है. बच्चों के शिक्षा, आवास और सरकारी योजनाओं का लाभ दिलाने के लिए प्रशासन के साथ मिलकर विशेष प्रबंध किए गए हैं.
शिवेंद्र कुमार की रिपोर्ट
मेदिनीनगर. झालसा के कार्यकारी अध्यक्ष न्यायमूर्ति सुजीत नारायण प्रसाद के निर्देश पर जिला विधिक सेवा प्राधिकार पलामू और जिला प्रशासन के सहयोग से तीन छोटे बच्चों को सरकारी योजनाओं का लाभ दिलाया गया. आठ वर्षीय बालक को झारखंड बाल प्रयोजन के तहत प्रतिमाह चार हजार रुपये की राशि स्वीकृत की गयी है. दोनों बच्चियों को भी संबंधित योजना से शीघ्र जोड़ने का निर्णय लिया गया है. इसके लिए आधार कार्ड बनाने को लेकर उनका निबंधन कराया गया है.
बच्चियों की शिक्षा की व्यवस्था
बालक का नामांकन नेताजी सुभाष चंद्र बोस आवासीय विद्यालय, सुवा में कराया गया है. पांच वर्षीय बालिका का नामांकन अनुसूचित जाति बालिका आवासीय विद्यालय, लेस्लीगंज में कराने की अनुशंसा जिला कल्याण पदाधिकारी पलामू द्वारा की जा चुकी है. वहीं तीन वर्षीय बालिका का नामांकन गांव के ही आंगनबाड़ी केंद्र में कराया गया है, ताकि उसे उचित शिक्षा और पूरक आहार का लाभ मिल सके.
ये भी पढ़ें: पलामू में बिरनी के काटने से CCL कर्मी की मौत, ड्यूटी के बाद बिगड़ी तबीयत - ब्रेन हेमरेज से रांची में ली अंतिम सांस
सांप के काटने से दादा की मौत
बताया गया कि हाल ही में पलामू जिले के मोहम्मदगंज में एक घटना हुई थी. तीन छोटे बच्चे अपने दादाजी के साथ रहते थे. सांप के काटने से उनके दादा की मौत हो गयी थी. बच्चों के माता-पिता भी नहीं थे. परिवार में कोई वयस्क पुरुष नहीं होने के कारण तीनों बच्चों के सामने शिक्षा और लालन-पालन की गंभीर समस्या उत्पन्न हो गयी थी.
ये भी पढ़ें: किडनी की जंग हारा पलामू का होनहार: दिल्ली एम्स में 13 साल के आकाश ने तोड़ा दम
लालन-पालन की व्यवस्था
मामले की जानकारी मिलने पर झालसा के कार्यकारी अध्यक्ष ने त्वरित संज्ञान लेते हुए डालसा पलामू को आवश्यक कदम उठाने का निर्देश दिया था. पलामू के पीडीजे श्री राम शर्मा ने भी मामले में त्वरित संज्ञान लिया और जिला प्रशासन के सहयोग से बच्चों की शिक्षा और लालन-पालन की व्यवस्था करायी. यह जानकारी जिला विधिक सेवा प्राधिकार के प्रभारी सचिव गौरव खुराना ने दी.
आपके शहर में
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए