ये क्या, हरिहरगंज में इंडेन गैस के गोदाम से 275 सिलेंडर गायब? जांच में जुटी पुलिस

Updated:
विज्ञापन
Palamu News

घटना स्थल पर छानबीन करती पुलिस. फोटो: प्रभात खबर

Palamu News: पलामू के हरिहरगंज स्थित इंडेन गैस गोदाम से 275 भरे हुए गैस सिलेंडर चोरी होने का मामला सामने आया है. गोदाम का ताला तोड़कर चोर लाखों रुपये के सिलेंडर ले गए. पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है. इससे जुड़ी खबर नीचे पढ़ें.

विज्ञापन

हरिहरगंज से कृष्णा गुप्ता की रिपोर्ट

Palamu News: झारखंड के पलामू जिले के हरिहरगंज थाना क्षेत्र से एक बड़ी चोरी की घटना सामने आई है. शहरी इलाके भगत तेंदुआ स्थित अपना इंडेन ग्रामीण वितरक के गैस गोदाम से 275 भरे हुए गैस सिलेंडर गायब हो गए हैं. घटना सामने आने के बाद इलाके में हड़कंप मच गया है. पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है. बताया जा रहा है कि चोरी हुए सभी सिलेंडर भरे हुए थे, जिससे लाखों रुपये के नुकसान की आशंका जताई जा रही है. घटना को लेकर गोदाम संचालक ने अज्ञात चोरों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराई है.

गोदाम का टूटा मिला मुख्य गेट

मामले को लेकर औरंगाबाद जिले के माली थाना क्षेत्र अंतर्गत रतनपुरा निवासी एवं गोदाम के प्रोपराइटर दीपक कुमार ने हरिहरगंज थाना में शिकायत दर्ज कराई है. दर्ज प्राथमिकी के अनुसार 19 मई की शाम गोदाम का स्टाफ अनुज कुमार गोदाम बंद कर घर चला गया था. अगले दिन 20 मई की दोपहर करीब एक बजे जब अनुज कुमार गोदाम पहुंचा तो उसने पहले चहारदीवारी में लगे छोटे गेट का ताला खोला. अंदर पहुंचने पर उसने देखा कि मुख्य गेट का ताला टूटा हुआ है. जब गोदाम के अंदर जाकर जांच की गई तो वहां रखे 275 भरे हुए गैस सिलेंडर गायब मिले.

लाखों के नुकसान की आशंका

गोदाम से एक साथ इतनी बड़ी संख्या में सिलेंडर गायब होने से बड़े चोरी गिरोह की आशंका जताई जा रही है. जानकारी के अनुसार 27 अप्रैल को मुजफ्फरपुर डिपो से गैस सिलेंडर की खेप गोदाम में पहुंची थी. सिलेंडरों की चोरी से गैस एजेंसी को भारी आर्थिक नुकसान हुआ है. स्थानीय लोगों के बीच भी इस घटना को लेकर चर्चा का माहौल है. लोगों का कहना है कि इतनी बड़ी चोरी बिना योजना के संभव नहीं लगती.

सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस

घटना की जानकारी मिलने के बाद गोदाम संचालक ने तुरंत पुलिस को सूचना दी. सूचना मिलते ही एसआई संतोष कुमार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण किया. पुलिस ने गोदाम परिसर और आसपास के इलाके में छानबीन की. साथ ही यह पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि चोरी की वारदात को किस तरह अंजाम दिया गया. पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों और संदिग्ध गतिविधियों की भी जांच कर रही है.

इसे भी पढ़ें: गढ़वा के एसडीएम साहब ने जब कॉफी संग घोली मिठास, तो चौकीदारों का छलका 30 साल पुराना दर्द

सभी पहलुओं पर जांच में जुटी पुलिस

पुलिस निरीक्षक सह थाना प्रभारी देवव्रत पोद्दार ने बताया कि गैस सिलेंडर चोरी मामले में प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है. पुलिस घटना के सभी पहलुओं की गंभीरता से जांच कर रही है. उन्होंने कहा कि चोरी में शामिल लोगों की पहचान करने के लिए तकनीकी और स्थानीय स्तर पर जांच की जा रही है. पुलिस का दावा है कि जल्द ही मामले का खुलासा कर लिया जाएगा. घटना के बाद गैस एजेंसी संचालकों और स्थानीय व्यापारियों में भी चिंता का माहौल है. लोगों ने प्रशासन से चोरी की घटनाओं पर रोक लगाने और सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने की मांग की है.

इसे भी पढ़ें: गढ़वा के सदर अस्पताल में कैटरिंग और दुकानदारों को फास्टैग ट्रेनिंग, मिला सर्टिफिकेट

विज्ञापन
कुमार विश्वत सेन

लेखक के बारे में

By कुमार विश्वत सेन

कुमार विश्वत सेन प्रभात खबर डिजिटल में डेप्यूटी चीफ कंटेंट राइटर हैं. इनके पास हिंदी पत्रकारिता का 25 साल से अधिक का अनुभव है. इन्होंने 21वीं सदी की शुरुआत से ही हिंदी पत्रकारिता में कदम रखा. दिल्ली विश्वविद्यालय से हिंदी पत्रकारिता का कोर्स करने के बाद दिल्ली के दैनिक हिंदुस्तान से रिपोर्टिंग की शुरुआत की. इसके बाद वे दिल्ली में लगातार 12 सालों तक रिपोर्टिंग की. इस दौरान उन्होंने दिल्ली से प्रकाशित दैनिक हिंदुस्तान दैनिक जागरण, देशबंधु जैसे प्रतिष्ठित अखबारों के साथ कई साप्ताहिक अखबारों के लिए भी रिपोर्टिंग की. 2013 में वे प्रभात खबर आए. तब से वे प्रिंट मीडिया के साथ फिलहाल पिछले 10 सालों से प्रभात खबर डिजिटल में अपनी सेवाएं दे रहे हैं. इन्होंने अपने करियर के शुरुआती दिनों में ही राजस्थान में होने वाली हिंदी पत्रकारिता के 300 साल के इतिहास पर एक पुस्तक 'नित नए आयाम की खोज: राजस्थानी पत्रकारिता' की रचना की. इनकी कई कहानियां देश के विभिन्न पत्र-पत्रिकाओं में प्रकाशित हुई हैं.

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन
Sponsored Linksby Taboola