गौरीश्वर महादेव मंदिर में भागवत कथा ज्ञान यज्ञ संपन्न, बालकृष्ण की झांकी ने मोहा मन
आरती करते इकाई प्रमुख और मेदिनीनगर सदर एसडीएम| Prabhat Khabar Network
पलामू के गौरीश्वर महादेव मंदिर में सात दिवसीय श्रीमद्भागवत कथा और श्रीकृष्ण जन्माष्टमी का भव्य समापन हुआ. श्रद्धालुओं ने झांकी और कथा का आनंद लिया.
रेहला (पलामू): पलामू जिले के रेहला स्थित ग्रासिम इंडस्ट्रीज लिमिटेड के प्रसिद्ध गौरीश्वर महादेव मंदिर में श्रीकृष्ण जन्माष्टमी के अवसर पर आयोजित श्रीमद्भागवत कथा सप्ताह ज्ञान यज्ञ का भव्य समापन हुआ. सात दिवसीय धार्मिक आयोजन शुक्रवार देर शाम श्री बालकृष्ण की आकर्षक झांकी के कॉलोनी भ्रमण के साथ श्रद्धा और उल्लास के बीच संपन्न हुआ.
कलश यात्रा से हुई थी आयोजन की शुरुआत
सात दिवसीय धार्मिक आयोजन की शुरुआत चार सितंबर को भव्य कलश यात्रा के साथ हुई थी. काशी से पहुंचे विद्वान आचार्यों ने आयोजन में महत्वपूर्ण योगदान दिया. प्रतिदिन संध्या बेला में मंदिर के पुजारी रविकांत पाठक ने श्रीमद्भागवत कथा का वाचन किया. कथा के दौरान श्रीकृष्ण लीला पर आधारित जीवंत झांकियों के माध्यम से धर्म, सदाचार, भक्ति और मानवता का संदेश दिया गया.

इकाई प्रमुख सपरिवार बने मुख्य यजमान
कथा के मुख्य यजमान ग्रासिम इंडस्ट्रीज रेहला के इकाई प्रमुख हितेंद्र केशव अवस्थी एवं उनकी धर्मपत्नी सह महिला मंडल अध्यक्षा नमिता अवस्थी रहीं. इस अवसर पर श्री अवस्थी ने कहा कि यज्ञ का आयोजन क्षेत्र की शांति, समृद्धि और विकास की मंगलकामना के लिए किया गया है. उन्होंने कहा कि इस तरह के धार्मिक आयोजन समृद्ध संस्कृति और परंपराओं को नई पीढ़ी तक पहुंचाने का माध्यम हैं.
सप्ताह भर भक्तिमय रहा मंदिर परिसर
पूरे सप्ताह गौरीश्वर महादेव मंदिर परिसर भक्तिमय बना रहा. ग्रासिम कॉलोनी के निवासियों और कर्मचारियों के अलावा रेहला व आसपास के क्षेत्रों से बड़ी संख्या में श्रद्धालु प्रतिदिन कथा श्रवण के लिए पहुंचे. समापन अवसर पर सदर एसडीएम संजय पांडेय भी सपरिवार मंदिर पहुंचे. उन्होंने पूजा-अर्चना की और श्रीमद्भागवत कथा का श्रवण किया.

आपके शहर में
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए