पाकुड़िया में ग्रामीणों को मिला योजनाओं का ‘ज्ञान’, रोजगार से पेंशन तक समझाया हक
बासेतकुंडी गांव में ग्रामीणों को सरकारी योजनाओं और उनके अधिकारों के बारे में जागरूक करने के लिए एक दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया. इस दौरान जन धन, सुरक्षा बीमा, जीवन ज्योति, अटल पेंशन योजनाओं और 125 दिनों के रोजगार की गारंटी के बारे में विस्तृत जानकारी दी गई.
पाकुड़िया : पाकुड़िया प्रखंड अंतर्गत बासेतकुंडी गांव में लोक कल्याण सेवा केंद्र, देवीनगर के तत्वावधान में गुरुवार को एक दिवसीय सामुदायिक प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया. कार्यक्रम का उद्देश्य ग्रामीणों को सरकारी योजनाओं के प्रति जागरूक करना और उनके अधिकारों की जानकारी देना था. इसमें बासेतकुंडी सहित आसपास के गांवों के ग्रामीणों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया.
जन धन से पेंशन तक योजनाओं की दी जानकारी
कार्यक्रम में परियोजना समन्वयक सोहेल अख्तर ने प्रधानमंत्री जन धन योजना, प्रधानमंत्री सुरक्षा बीमा योजना, प्रधानमंत्री जीवन ज्योति बीमा योजना और अटल पेंशन योजना समेत अन्य सामाजिक सुरक्षा योजनाओं की पात्रता, लाभ, आवेदन प्रक्रिया और आवश्यक दस्तावेजों की जानकारी दी.
रोजगार और पेंशन से जुड़े मुद्दों पर चर्चा
वहीं, विकसित भारत जी राम जी योजना के तहत 125 दिनों के रोजगार की गारंटी, रोजगार कार्ड, मजदूरी दर और शिकायत निवारण प्रक्रिया पर भी विस्तार से चर्चा की गयी. पेंशन योजनाओं से संबंधित समस्याओं के समाधान की प्रक्रिया के बारे में भी ग्रामीणों को जानकारी दी गयी.
ग्रामीणों ने प्रशिक्षण को बताया उपयोगी
ग्रामीणों ने प्रशिक्षण कार्यक्रम को उपयोगी बताते हुए कहा कि इससे उन्हें सरकारी योजनाओं की जानकारी प्राप्त करने और उनका लाभ लेने में आसानी होगी. कार्यक्रम को सफल बनाने में गिनी हांसदा, ओलिंदो सोरेन और आशीष भगत की महत्वपूर्ण भूमिका रही.
आपके शहर में
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए