फुटपाथ बना सब्जी मंडी, सड़क पर जाम का झाम; पाकुड़ में राहगीरों की बढ़ी परेशानी.
फुटपाथ पर लगी सब्जी की दुकानें | Prabhat Khabar Network
शहर की मुख्य सड़कों और फुटपाथ पर सब्जी-फल की दुकानों के कारण पाकुड़ में जाम की स्थिति गंभीर है। राहगीर फुटपाथ पर अतिक्रमण और सड़क पर फैले सामान से परेशान हैं।
प्रतिनिधि, पाकुड़ : शहर की मुख्य सड़कों और फुटपाथ पर सब्जी-फल की दुकानें लगने से जाम की समस्या गंभीर बनी हुई है. सबसे अधिक परेशानी नगर थाना के समीप और पाकुड़-धुलियान पथ स्थित रेलवे फाटक के पास लोगों को हो रही है. यहां सड़क के किनारे और फुटपाथ पर दुकानें लगने के कारण आवागमन बाधित रहता है और लोगों को जाम में फंसना पड़ता है.
फुटपाथ पर दुकानें, राहगीरों की बढ़ी परेशानी
स्थानीय लोगों ने जिला प्रशासन से फुटपाथ पर दुकान लगाने वाले सब्जी और फल विक्रेताओं के लिए अस्थायी रूप से निर्धारित स्थान उपलब्ध कराने की मांग की है. लोगों का कहना है कि यदि विक्रेताओं को व्यवस्थित जगह उपलब्ध करा दी जाये, तो सड़क और फुटपाथ पर होने वाला अतिक्रमण कम किया जा सकता है. साथ ही पैदल राहगीरों को भी आवागमन में सुविधा होगी.
सड़क तक फैल जाता है दुकानों का सामान
लोगों के अनुसार, सुबह से ही शहर के कई हिस्सों में फुटपाथ पर सब्जी और फल की दुकानें सज जाती हैं. इसके अलावा कई स्थानीय दुकानदार भी अपनी दुकानों का सामान फुटपाथ तक फैला देते हैं. इससे पैदल चलने वाले लोगों को सड़क का सहारा लेना पड़ता है. सड़क के किनारे दुकानें लगने से वाहनों के आवागमन के लिए जगह कम हो जाती है और जाम की स्थिति उत्पन्न होती है.
नियमित अतिक्रमण हटाने की मांग
स्थानीय लोगों का कहना है कि फुटपाथ पर अतिक्रमण की समस्या रोजाना बनी रहती है. ऐसे में प्रशासन को नियमित रूप से अतिक्रमण हटाने का अभियान चलाने के साथ-साथ सब्जी और फल विक्रेताओं के लिए वैकल्पिक स्थान उपलब्ध कराने की दिशा में पहल करनी चाहिए.
नो एंट्री के समय में बदलाव की सराहना
लोगों ने शहर में नो एंट्री के समय में किये गये बदलाव को लेकर जिला प्रशासन की सराहना की है. उनका कहना है कि इससे शहर की मुख्य सड़कों पर बड़े वाहनों का दबाव कम होगा और जाम की समस्या से लोगों को राहत मिल सकती है. स्थानीय लोगों ने प्रशासन से व्यवस्था को प्रभावी तरीके से लागू कराने और फुटपाथ से अतिक्रमण हटाने की मांग की है.
आपके शहर में
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए