मुख्यमंत्री उत्कृष्ट विद्यालय में मोबाइल पर ‘नो एंट्री’, 75% उपस्थिति नहीं तो परीक्षा से भी बाहर
मुख्यमंत्री उत्कृष्ट विद्यालय में आयोजित पीटीएम में शामिल अभिभावक व शिक्षक. | Prabhat Khabar Network
पाकुड़ के मुख्यमंत्री उत्कृष्ट विद्यालय में आयोजित अभिभावक-शिक्षक बैठक में मोबाइल फोन लाने पर पूर्ण प्रतिबंध लगा दिया गया है. बच्चों की 75% उपस्थिति को अनिवार्य किया गया है, अन्यथा परीक्षा से बाहर रहना पड़ सकता है.
पाकुड़ : जिला मुख्यमंत्री उत्कृष्ट विद्यालय राज+2 पाकुड़ में बुधवार को द्वितीय त्रैमासिक अभिभावक-शिक्षक बैठक (पीटीएम) का आयोजन किया गया. विद्यालय के हॉल-1 में आयोजित बैठक में 207 अभिभावकों ने हिस्सा लिया. इनमें 115 पुरुष और 92 महिला अभिभावक शामिल थीं. बैठक में बच्चों की पढ़ाई, उपस्थिति, गृहकार्य और अनुशासन को लेकर अभिभावकों और शिक्षकों के बीच संवाद हुआ.

पढ़ाई के साथ घर के माहौल पर जोर
बैठक की अध्यक्षता प्रभारी प्रधानाचार्य राजू नंदन साहा ने की. जिला शिक्षा पदाधिकारी अनिता पूर्ति मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुईं. उन्होंने कहा कि बच्चों के सर्वांगीण विकास के लिए विद्यालय में पढ़ाई के साथ घर में भी बेहतर शैक्षणिक माहौल जरूरी है. अभिभावक बच्चों की पढ़ाई और मोबाइल उपयोग पर नियमित निगरानी रखें तथा शिक्षकों के साथ लगातार संपर्क में रहें.
मोबाइल मिला तो होगा जब्त
पीटीएम में विद्यालय परिसर में विद्यार्थियों के मोबाइल फोन लाने पर पूर्ण प्रतिबंध लगाने का निर्णय लिया गया. मोबाइल मिलने पर उसे जब्त कर अभिभावक की उपस्थिति में वापस करने की व्यवस्था की गयी. विद्यार्थियों को निर्धारित यूनिफॉर्म में विद्यालय आने तथा अभिभावकों को गृहकार्य की कॉपियां नियमित रूप से जांचकर हस्ताक्षर करने को कहा गया.
100 मीटर दायरा नशामुक्त रखने पर चर्चा
बैठक में विद्यालय परिसर के 100 मीटर के दायरे को नशामुक्त रखने पर भी चर्चा हुई. शिक्षकों ने अभिभावकों से बच्चों की शैक्षणिक प्रगति और कमजोरियों को लेकर व्यक्तिगत संवाद किया.
75 प्रतिशत उपस्थिति अनिवार्य
छात्रों की न्यूनतम 75 प्रतिशत उपस्थिति अनिवार्य रखने का निर्णय दोहराया गया. कम उपस्थिति वाले छात्रों को एसए-1 परीक्षा में शामिल नहीं करने तथा कक्षा 10वीं और 12वीं के विद्यार्थियों की निर्धारित उपस्थिति नहीं होने पर सीबीएसइ एलओसी में नाम शामिल नहीं करने की जानकारी दी गयी.
आपके शहर में
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए