SIR को लेकर जनसुनवाई, 344 अनमैपिंग मतदाताओं का हुआ सत्यापन
एसआईआर के तहत 344 अनमैपिंग मतदाताओं की जनसुनवाई संपन्न. योग्य व्यक्तियों के नाम मतदाता सूची में जोड़ने की तेजी से कार्रवाई जारी.
पाकुड़िया : विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) के तहत दावा-आपत्ति के निराकरण को लेकर मंगलवार को प्रखंड के दो स्थानों पर जनसुनवाई शिविर आयोजित किया गया. मध्य विद्यालय मोंगलाबांध और खजुरडंगाल पंचायत भवन में आयोजित शिविर में कुल 344 अनमैपिंग मतदाताओं की जनसुनवाई हुई.
आपके शहर में
103 मतदाताओं की हुई सुनवाई
खजुरडंगाल पंचायत भवन में जिला सहकारिता पदाधिकारी चंद्रजीत खालको की मौजूदगी में महेशपुर विधानसभा क्षेत्र के बूथ संख्या 209 से 211 तक के 103 अनमैपिंग मतदाताओं की जनसुनवाई हुई. मतदाताओं से आवश्यक दस्तावेज लिये गये और पहचान का सत्यापन किया गया.
241 मतदाताओं का हुआ सत्यापन
मध्य विद्यालय मोंगलाबांध में बूथ संख्या 245 से 254 तक के 241 अनमैपिंग मतदाताओं की जनसुनवाई प्रखंड विकास पदाधिकारी सोमनाथ बनर्जी की देखरेख में हुई. यहां भी मतदाताओं से आवश्यक दस्तावेज लेकर उनकी पहचान का सत्यापन किया गया.
योग्य मतदाताओं का नाम जोड़ने की कार्रवाई
एसआईआर 2026 के तहत मैपिंग के दौरान आवश्यक दस्तावेज उपलब्ध नहीं कराने, किसी कारण से मतदाता के बाहर रहने, सही जानकारी नहीं देने अथवा वर्ष 2003 की एसआईआर मतदाता सूची में नाम नहीं रहने के कारण मैपिंग से वंचित मतदाताओं को नोटिस भेजकर जनसुनवाई में उपस्थित होने का निर्देश दिया गया था. शिविर में दस्तावेजों के सत्यापन के बाद योग्य मतदाताओं का नाम मतदाता सूची में जोड़ने की दिशा में कार्रवाई की गयी.
योग्य व्यक्ति का नाम नहीं छूटेगा
अधिकारियों ने बताया कि यह एसआईआर के तहत पहली जनसुनवाई है. किसी भी परिस्थिति में योग्य व्यक्ति का नाम मतदाता सूची में जुड़ने से नहीं छूटेगा और अयोग्य व्यक्ति का नाम मतदाता सूची में शामिल नहीं होगा. मौके पर संबंधित मतदान केंद्रों के बीएलओ, पर्यवेक्षक, वॉलिंटियर्स समेत अन्य उपस्थित थे.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए