कुएं से मिले किशोरी के शव मामले में हत्या का केस दर्ज, आरोपी गिरफ्तार
Published by : BINAY KUMAR Updated At : 29 Jan 2026 9:07 PM
23 जनवरी को हिरणपुर थाना को सूचना मिली थी कि ग्राम खजुरडांगा के समीप स्थित कुएं में एक शव पानी पर तैर रहा है.
हिरणपुर. थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम खजुरडांगा के पास स्थित एक कुएं से मिले किशोरी के शव मामले में पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार किया है. पुलिस इस कांड में शामिल अन्य सहयोगियों की तलाश में जुटी हुई है. प्राप्त जानकारी के अनुसार 23 जनवरी को हिरणपुर थाना को सूचना मिली थी कि ग्राम खजुरडांगा के समीप स्थित कुएं में एक शव पानी पर तैर रहा है. सूचना के बाद हिरणपुर थाना पुलिस एवं आसपास के ग्रामीणों के सहयोग से कुएं से शव को बाहर निकाला गया. मृतक की पहचान बहा मरांडी (14) पिता बड़का मरांडी के रूप में की गयी. पुलिस द्वारा शव को विधिवत पोस्टमार्टम के लिए फूलो-झानो मेडिकल कॉलेज दुमका भेजा गया, जहां पोस्टमार्टम कराया गया. इसके बाद 29 जनवरी को मृतक के पिता बड़का मरांडी द्वारा हिरणपुर थाना में लिखित आवेदन दिया गया, जिसके आधार पर हिरणपुर थाना कांड संख्या 05/26 तहत मामला दर्ज किया गया. थाना प्रभारी विनय कुमार ने बताया कि मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर एक विशेष टीम का गठन कर छापेमारी अभियान चलाया गया. छापेमारी के क्रम में कांड के प्राथमिक अभियुक्त खजुरडांगा निवासी अल्बिनुश टुडू (19) को गिरफ्तार कर लिया गया. पुलिस ने बताया कि इस कांड में शामिल अन्य सहयोगियों की भूमिका की जांच की जा रही है तथा सत्यापन के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी. छापेमारी दल में एसआई गौतम कुमार दास, अमरजीत मिश्रा, एएसआई सनातन मांझी, साधन कर्मकार, हवलदार पलटन मुर्मू एवं आरक्षी हरि प्रसाद साहा शामिल थे.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










