पाकुड़ में गूंजा ‘हरे कृष्ण, हरे राम’ का जयघोष, इस्कॉन मंदिर में 56 भोग और महाआरती

Updated:
विज्ञापन

इस्कॉन मंदिर में दीप प्रज्वलित कर कार्यक्रम का शुभारंभ करतीं डीसी मेघा भारद्वाज व अन्य | Prabhat Khabar Network

पाकुड़ में श्रीकृष्ण जन्माष्टमी का पर्व इस्कॉन मंदिर सहित विभिन्न मंदिरों में श्रद्धा और उल्लास से मनाया गया. इस्कॉन मंदिर में उपायुक्त और एसपी ने दीप प्रज्वलित कर भव्य आयोजन का शुभारंभ किया, जिसमें 56 भोग, महाभिषेक और महाआरती का दौर चला.

विज्ञापन

प्रतिनिधि, पाकुड़. जिलेभर में शुक्रवार को श्रीकृष्ण जन्माष्टमी का पर्व धूमधाम और श्रद्धा-भक्ति के साथ मनाया गया. इस्कॉन मंदिर समेत जिले के विभिन्न छोटे-बड़े मंदिरों में देर रात तक पूजा-अर्चना, भजन-कीर्तन और धार्मिक कार्यक्रमों का दौर चलता रहा. जन्माष्टमी को लेकर मंदिरों को आकर्षक विद्युत सज्जा और फूलों से सजाया गया था. शाम होते ही मंदिरों में श्रद्धालुओं की भीड़ जुटने लगी.

आपके शहर में

विज्ञापन

इस्कॉन मंदिर में भव्य आयोजन, डीसी-एसपी ने किया शुभारंभ

शहर के कालीभाषा स्थित इस्कॉन मंदिर में जन्माष्टमी को लेकर भव्य आयोजन किया गया. कार्यक्रम में उपायुक्त मेघा भारद्वाज, पुलिस अधीक्षक अनुदीप सिंह समेत समाजसेवी और बड़ी संख्या में श्रद्धालु शामिल हुए. उपायुक्त और पुलिस अधीक्षक ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलित कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया.

इसके बाद देर रात तक 56 भोग, महाभिषेक और महाआरती का आयोजन किया गया. इस दौरान पूरा मंदिर परिसर ‘हरे कृष्ण, हरे राम’ के जयघोष से गूंजता रहा. श्रद्धालु भक्ति में लीन होकर भगवान श्रीकृष्ण के दर्शन करते नजर आए.

राधा-कृष्ण की वेशभूषा में बच्चों ने मोहा मन

जन्माष्टमी के अवसर पर बड़ी संख्या में श्रद्धालु इस्कॉन मंदिर पहुंचे और भगवान श्रीकृष्ण के दर्शन किए. इस दौरान विभिन्न सांस्कृतिक कार्यक्रमों का भी आयोजन किया गया. श्रीकृष्ण की वेशभूषा में पहुंचे नन्हे बाल कलाकारों ने मनमोहक प्रस्तुतियां देकर श्रद्धालुओं का मन मोह लिया.

इस्कॉन मंदिर के जनरल मैनेजर सत्यवाहक गुरुदास ने बताया कि जन्माष्टमी का पर्व धूमधाम और भक्तिमय वातावरण में संपन्न हुआ. शनिवार को विशेष कार्यक्रम आयोजित कर सांस्कृतिक कार्यक्रमों में बेहतर प्रदर्शन करने वाले कलाकारों को पुरस्कृत किया जाएगा. श्रद्धालुओं के लिए प्रसाद स्वरूप भोजन की भी व्यवस्था की जाएगी.

सत्य साईं सेवा संगठन ने भी मनायी जन्माष्टमी

श्री सत्य साईं सेवा संगठन, जिला पाकुड़ की ओर से भी श्रीकृष्ण जन्माष्टमी का भव्य आयोजन किया गया. कार्यक्रम की शुरुआत प्रातः ओंकार, सुप्रभातम् और नगर संकीर्तन से हुई. शाम छह बजे विशेष भजन और सत्संग का आयोजन किया गया, जिसमें श्रद्धालुओं ने उत्साहपूर्वक हिस्सा लिया.

इस्कॉन मंदिर में दीप प्रज्वलित कर कार्यक्रम का शुभारंभ करते  डीसी मेघा भारद्वाज व अन्य, कार्यक्रम स्थल पर मौजूद श्रद्धालु, अपने कलाकारी को प्रस्तुत करते कलाकार | Prabhat Khabar Network
सांस्कृतिक नृत्य प्रस्तुत करते कलाकार | Prabhat Khabar Network

बाल विकास के बच्चों ने दी सांस्कृतिक प्रस्तुतियां

कार्यक्रम के दौरान बाल विकास के बच्चों ने मनमोहक सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दीं. बच्चों के लिए फैंसी ड्रेस और चित्रांकन प्रतियोगिता भी आयोजित की गयी. नन्हे प्रतिभागियों ने उत्साह के साथ प्रतियोगिताओं में हिस्सा लिया.

वहीं, कौशल विकास कार्यक्रम के द्वितीय बैच के तहत सिलाई-कटाई एवं बुनाई का प्रशिक्षण पूरा करने वाली 25 प्रतिभागियों को समिति की ओर से नए वस्त्र और उपहार देकर सम्मानित किया गया. सांस्कृतिक कार्यक्रम में भाग लेने वाले बच्चों को भी पुरस्कृत किया गया. इस दौरान श्रद्धा, सेवा और सांस्कृतिक गतिविधियों का अनूठा संगम देखने को मिला.

विज्ञापन

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन
Sponsored Linksby Taboola