कर्नाटक में अमड़ापाड़ा के मजदूर की हत्या, गांव में पसरा मातम
जानकारी देते मृतक के परिजन व ग्रामीण | Prabhat Khabar Network
कर्नाटक में काम की तलाश में गए अमड़ापाड़ा के 25 वर्षीय मंटू कुमार पाल की निर्मम हत्या कर दी गई है. दो सितंबर को लापता होने की सूचना के बाद छह सितंबर को परिजनों को धारदार हथियार से हुई हत्या की खबर मिली. परिजनों ने पुरानी रंजिश की आशंका जताई है.
अमड़ापाड़ा : प्रखंड के बासमती गांव निवासी 25 वर्षीय मंटू कुमार पाल की कर्नाटक में धारदार हथियार से हत्या कर दी गयी. घटना की सूचना मिलने के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है. वहीं गांव में मातमी सन्नाटा पसरा है. मृतक अपने पीछे पत्नी और एक मासूम बेटे को छोड़ गया है.
प्राप्त जानकारी के अनुसार मंटू कुमार पाल काम की तलाश में बीते 30 अगस्त को क्षेत्र के 15 अन्य मजदूरों के साथ कर्नाटक गया था. बताया गया कि गांव के ही एक युवक ने उसे बेहतर मजदूरी मिलने की बात कहकर बाहर काम करने के लिए तैयार किया था.
दो सितंबर को लापता होने की मिली सूचना
परिजनों के अनुसार कर्नाटक पहुंचने के दो दिन बाद दो सितंबर को मंटू के लापता होने की सूचना मिली. इसके बाद परिजनों ने अमड़ापाड़ा थाना को इसकी जानकारी दी. वहीं छह सितंबर को कर्नाटक के कलबुर्गी (गुलबर्गा) जिले के सेडम तालुका स्थित मुधोल थाना से परिजनों को फोन कर मंटू की हत्या की जानकारी दी गयी. पुलिस ने शव ले जाने के लिए परिजनों को सूचना दी.
मामले में मुधोल थाना में कांड संख्या 155/26 दर्ज किया गया है. इसमें भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 103(1) और 283(a) के तहत कार्रवाई की गयी है. परिजनों के कर्नाटक जाने में असमर्थता जताने के बाद अमड़ापाड़ा थाना प्रभारी अनूप रोशन भेंगरा के सहयोग से ई-मेल के माध्यम से आवश्यक कागजी प्रक्रिया पूरी की गयी. इसके बाद कर्नाटक गये अन्य मजदूरों के साथ मंटू का शव गांव लाया गया.
शव पर मिले चोट के निशान
शव घर पहुंचने के बाद परिजनों ने शरीर पर गंभीर चोट और धारदार हथियार से काटे जाने के निशान होने की बात कही. परिजनों के अनुसार जांघ, पैर और पीठ समेत शरीर के कई हिस्सों पर गहरे जख्म के निशान थे. शव की स्थिति देखकर परिवार में कोहराम मच गया.
पुरानी रंजिश पर परिजनों को शक
मृतक के भाई हरिकृष्ण पाल ने घटना के पीछे पुरानी रंजिश की आशंका जतायी है. उन्होंने बताया कि वर्ष 2022 में उनके माता-पिता की वाहन से कुचलकर मौत हुई थी. इस मामले में गांव के रोहित पाल, अजित पाल और षष्टी पाल के खिलाफ मामला दर्ज हुआ था और तीनों के जेल जाने की बात परिजनों ने बतायी.
हरिकृष्ण के अनुसार, मंटू उक्त मामले में मुख्य केसकर्ता था. हरिकृष्ण ने उक्त तीनों पर मंटू की हत्या करवाने का आरोप लगाया है. साथ ही उन्होंने अपने परिवार की सुरक्षा को लेकर भी चिंता जतायी है. हालांकि हत्या के कारणों और आरोपों की आधिकारिक पुष्टि अभी नहीं हुई है. पुलिस मामले की जांच और घटना के वास्तविक कारणों का पता लगाने में जुटी है.
आपके शहर में
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए