पाकुड़िया बाजार में खाद्य सुरक्षा टीम की ताबड़तोड़ जांच, मिठाई-जलेबी पर मिली मक्खियां तो मचा हड़कंप
जांच के दौरान टीम के सदस्य | Prabhat Khabar Network
खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने पाकुड़िया बाजार में मिठाई और किराना दुकानों पर औचक निरीक्षण किया. मिठाई पर मक्खियां मिलने पर उन्हें नष्ट कराया गया और कई दुकानदारों पर जुर्माना लगाया गया. साफ-सफाई की कमी और फूड लाइसेंस न होने पर भी कार्रवाई की गई.
पाकुड़िया : खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता, स्वच्छता और खाद्य सुरक्षा मानकों के अनुपालन को लेकर शनिवार को खाद्य सुरक्षा विभाग की चार सदस्यीय टीम ने पाकुड़िया बाजार में जांच अभियान चलाया. टीम ने बाजार की दर्जनों मिठाई और किराना दुकानों का औचक निरीक्षण कर खाद्य सामग्री की गुणवत्ता, साफ-सफाई तथा फूड लाइसेंस और रजिस्ट्रेशन की जांच की.
मिठाई और जलेबी पर मिली मक्खियां, सामग्री करायी गयी नष्ट
खाद्य सुरक्षा पदाधिकारी राधिका कुमारी, अभिमन्यु कुमार, ऑपरेटर हरिशंकर समेत अन्य कर्मियों की टीम ने दुकानों में खाद्य सामग्री के रखरखाव की स्थिति देखी. निरीक्षण के दौरान एक मिठाई दुकान में मिठाई और जलेबी पर मक्खियां बैठी मिलीं. टीम ने संबंधित खाद्य सामग्री को मौके पर नष्ट कराया और दुकानदार से जुर्माना वसूला.
गंदगी मिलने पर चेतावनी, कई दुकानदारों पर जुर्माना
जांच के दौरान कई दुकानों में साफ-सफाई की कमी मिलने पर संचालकों को चेतावनी दी गयी. कुछ प्रतिष्ठानों पर जुर्माना भी लगाया गया. वहीं जिन दुकानदारों ने फूड रजिस्ट्रेशन प्रस्तुत नहीं किया, उन्हें नोटिस जारी कर तत्काल रजिस्ट्रेशन कराने का निर्देश दिया गया.
हेयर नेट, टोपी और एप्रन के इस्तेमाल की हिदायत
टीम ने मिठाई दुकानदारों और कर्मियों को खाद्य सामग्री तैयार करने और बिक्री के दौरान हेयर नेट, टोपी और एप्रन का इस्तेमाल करने को कहा. खाद्य पदार्थों में मिलावट, प्रतिबंधित या नियमों के विपरीत रसायनों के इस्तेमाल और गलत लेबलिंग को लेकर भी दुकानदारों को चेताया गया.
115 खाद्य उत्पादों की गुणवत्ता और लेबलिंग की भी जांच
विभाग के अनुसार राज्य में चिन्हित 115 खाद्य उत्पादों की गुणवत्ता, लेबलिंग और उत्पादों पर किए जा रहे दावों की भी जांच की जा रही है. अधिकारियों ने कहा कि खाद्य लाइसेंस या रजिस्ट्रेशन नहीं कराने, स्वच्छता मानकों का पालन नहीं करने अथवा खाद्य पदार्थों में नियमविरुद्ध सामग्री के इस्तेमाल पर खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम, 2006 के तहत कार्रवाई की जाएगी.
जांच अभियान से दुकानदारों में हड़कंप
खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम के जांच अभियान से पाकुड़िया बाजार के दुकानदारों के बीच हड़कंप की स्थिति रही.
आपके शहर में
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए