970 स्कूलों में एक साथ खुलीं किताबें, 1.21 लाख बच्चों ने साथ पढ़ी ‘मेरे शब्द–मेरी कहानी’
निरीक्षण करती डीईओ | Prabhat Khabar Network
अंतरराष्ट्रीय साक्षरता दिवस के मौके पर पाकुड़ के 970 स्कूलों में 'मेरे शब्द–मेरी कहानी' पठन अभियान चलाया गया. इस गतिविधि में 1.21 लाख से अधिक छात्रों और 2,015 शिक्षकों ने हिस्सा लिया. इसका मुख्य उद्देश्य बच्चों में पढ़ने की आदत विकसित करना और पुस्तकों के प्रति रुचि बढ़ाना था.
पाकुड़ : अंतरराष्ट्रीय साक्षरता दिवस के अवसर पर मंगलवार को जिले के 970 विद्यालयों में ‘मेरे शब्द–मेरी कहानी’ पठन अभियान के तहत सामूहिक पठन गतिविधि आयोजित की गयी. इसमें करीब 1.21 लाख विद्यार्थियों और 2,015 शिक्षकों ने हिस्सा लिया. कार्यक्रम सुबह 11 बजे से 11.30 बजे तक आयोजित हुआ.
पढ़ने की आदत और पुस्तकों के प्रति रुचि बढ़ाना उद्देश्य
सामूहिक पठन का उद्देश्य विद्यार्थियों में नियमित पढ़ने की आदत विकसित करना, पुस्तकों के प्रति रुचि बढ़ाना और विद्यालयों के साथ घरों में भी पठन संस्कृति को बढ़ावा देना था. कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों ने अपनी पसंद की पुस्तकों और बाल साहित्य का सामूहिक रूप से पठन किया.
अधिकारियों ने बच्चों के साथ बैठकर किया पठन
जिला शिक्षा पदाधिकारी अनिता पुरती और जिला शिक्षा अधीक्षक प्रियाश्री भगत ने पीएम श्री मध्य विद्यालय धनुषपूजा तथा प्राथमिक विद्यालय शहरकोल टोला का भ्रमण कर बच्चों के साथ पठन गतिविधि में हिस्सा लिया. वहीं एडीपीओ पीयुष कुमार ने मध्य विद्यालय बिल्टू पहुंचकर विद्यार्थियों के साथ सामूहिक पठन किया.
नियमित पुस्तक पढ़ने के लिए किया प्रेरित
अधिकारियों ने बच्चों को नियमित रूप से पुस्तकें पढ़ने और इसे दैनिक दिनचर्या का हिस्सा बनाने के लिए प्रेरित किया. अधिकारियों और टीम के सदस्यों ने भी बच्चों के साथ पठन गतिविधि में सहभागिता की.
भाषाई समझ और अभिव्यक्ति क्षमता बढ़ाने पर जोर
विभाग के अनुसार अभियान का उद्देश्य बच्चों की भाषाई समझ, अभिव्यक्ति क्षमता और पढ़ने के प्रति रुचि को बढ़ावा देना है. जिले के 970 विद्यालयों में आयोजित सामूहिक पठन गतिविधि के माध्यम से विद्यार्थियों को पढ़ने की नियमित आदत से जोड़ने का प्रयास किया गया.
आपके शहर में
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए