पाकुड़ में गरजे देवेंद्र नाथ महतो : भर्ती में पारदर्शिता नहीं तो आंदोलन तेज

Updated:
विज्ञापन

छात्र नेता देवेंद्र महतो का स्वागत करते पाकुड़ वासी, सिद्धू कान्हु की प्रतिमा पर मलियापन करते छात्र नेता देवेंद्र महतो | Prabhat Khabar Network

छात्र नेता देवेंद्र महतो ने पाकुड़ में भर्ती में धांधली का आरोप लगाया. कहा, 'नौकरी ऊंची कीमत पर बेची जा रही है'. सरकार को दी चेतावनी.

विज्ञापन

पाकुड़ : छात्र अधिकार यात्रा सह भर्ती व्यवस्था सुधार यात्रा के तहत शनिवार को छात्र नेता देवेंद्र नाथ महतो पाकुड़ पहुंचे. पाकुड़ पहुंचने पर छात्र-छात्राओं ने उनका स्वागत किया. इसके बाद उन्होंने सिद्धू-कान्हू पार्क स्थित सिद्धू-कान्हू की प्रतिमा पर माल्यार्पण किया. इसके बाद आयोजित सभा को संबोधित करते हुए उन्होंने राज्य सरकार पर जमकर निशाना साधा.

आपके शहर में

विज्ञापन

‘ऊंची कीमत पर बेची जा रही नौकरी’, सरकार पर लगाया युवाओं के हक से खिलवाड़ का आरोप

देवेंद्र नाथ महतो ने कहा कि झारखंड में ऊंची कीमत पर नौकरी बेची जा रही है और राज्य के युवाओं के हक के साथ खिलवाड़ किया जा रहा है. प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहे विद्यार्थियों की मेहनत पर पानी फिर रहा है, लेकिन सरकार को इसकी चिंता नहीं है. उन्होंने सरकार से पारदर्शिता के साथ काम करने की मांग करते हुए कहा कि ऐसा नहीं हुआ तो जनता सरकार को उखाड़ फेंकने का काम करेगी.

अब तक हुई बहालियों की जांच की मांग

उन्होंने अब तक हुई बहालियों की जांच की मांग की. कहा कि यदि किसी के परिवार में भी गलत तरीके से नियुक्ति हुई है, तो उसकी भी जांच कर नियुक्ति निरस्त की जानी चाहिए. उन्होंने बताया कि भर्ती परीक्षा अधिकार यात्रा झारखंड के सभी 24 जिलों में निकाली जा रही है. यात्रा की शुरुआत स्वर्गीय वीर शिबू सोरेन की धरती नेमरा से हुई है. उन्होंने कहा कि सरकार ने मांगें नहीं मानीं तो पहले झारखंड बंद और इसके बाद सरकार के खिलाफ आंदोलन तेज किया जाएगा.

‘दिन-रात मेहनत करने वाले विद्यार्थियों की आवाज है यात्रा’

देवेंद्र नाथ महतो ने कहा कि यह यात्रा उन विद्यार्थियों की आवाज है, जो दिन-रात मेहनत कर प्रतियोगी परीक्षाओं के माध्यम से अपना भविष्य संवारना चाहते हैं. उन्होंने कहा कि खनिज संपदा से समृद्ध झारखंड के युवाओं को रोजगार के लिए संघर्ष करना पड़ रहा है. राज्य की बालू, पहाड़-पर्वत-पठार, जल-जंगल-जमीन और कोयला, अभ्रक व बॉक्साइट जैसी खनिज संपदाओं का दोहन हो रहा है. उन्होंने इसे झारखंड की आत्मा से जोड़ते हुए व्यवस्था में बदलाव की जरूरत बतायी.

स्थानीय और नियोजन नीति लागू करने की मांग

उन्होंने स्थानीय नीति और नियोजन नीति लागू कर झारखंड में झारखंडियों के लिए रोजगार सुनिश्चित करने की मांग की. साथ ही पेपर लीक पर रोक लगाने और पहचान के बजाय मेहनत व योग्यता के आधार पर पारदर्शी तरीके से नियुक्ति की मांग रखी. उन्होंने कहा कि जब तक इसकी गारंटी नहीं मिलती, आंदोलन जारी रहेगा.

बड़ी संख्या में छात्र रहे मौजूद

मौके पर मार्क्स बास्की, गोल्डन हसदा, सैमुअल मालतो, मोहम्मद नदीम अली, जहांगीर अंसारी, मार्टिन बास्की, प्रेम प्रकाश सोरेन, सुमित सहित बड़ी संख्या में छात्र मौजूद थे.


विज्ञापन

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन
Sponsored Linksby Taboola