अब सौर ऊर्जा से रोशन होगा पाकुड़ का सीएम एक्सीलेंस गर्ल्स स्कूल, 50 केवीए का सोलर प्लांट तैयार
विद्यालय की छत पर लगाया गया सोलर पैनल | Prabhat Khabar Network
पाकुड़ के सीएम एक्सीलेंस गर्ल्स स्कूल में 50 KVA का सोलर प्लांट लगा. बिजली की समस्या खत्म, हर महीने ₹7000 की बचत होगी.
पाकुड़. जिले का सीएम एक्सीलेंस गर्ल्स स्कूल जल्द ही सौर ऊर्जा से रोशन होगा। विद्यालय में बिजली की समस्या दूर करने और विद्यार्थियों को निर्बाध बिजली उपलब्ध कराने के उद्देश्य से झारखंड अक्षय ऊर्जा विकास एजेंसी (जरेडा) के माध्यम से 50 केवीए क्षमता का सोलर प्लांट लगाया जा रहा है। इसके शुरू होने के बाद स्कूल के क्लासरूम, लैब, स्मार्ट क्लास और पंखों को निर्बाध बिजली मिल सकेगी।
आपके शहर में
सोलर प्लांट के चालू होने से विद्यालय के बिजली खर्च में भी कमी आने की उम्मीद है। अनुमान है कि हर महीने करीब पांच से सात हजार रुपये के बिजली बिल की बचत होगी। इससे विद्यालय को आर्थिक राहत मिलने के साथ-साथ स्वच्छ ऊर्जा को भी बढ़ावा मिलेगा।
बिजली के मामले में आत्मनिर्भर बनेगा विद्यालय
विद्यालय के प्राचार्य मनीष गुप्ता ने बताया कि सोलर प्लांट लगाने का मुख्य उद्देश्य विद्यालय को बिजली के क्षेत्र में आत्मनिर्भर और पर्यावरण के अनुकूल बनाना है। उन्होंने कहा कि सौर ऊर्जा से विद्यार्थियों को पढ़ाई के दौरान निर्बाध बिजली मिल सकेगी। बिजली कटौती के कारण होने वाली परेशानी से छात्राओं, शिक्षकों और कर्मचारियों को भी राहत मिलेगी।
उन्होंने बताया कि विद्यालय बंद रहने के दौरान यदि सोलर सिस्टम से अतिरिक्त बिजली का उत्पादन होता है, तो उसे पावर ग्रिड को दिया जाएगा। इससे उत्पादित बिजली की बर्बादी नहीं होगी और अतिरिक्त बिजली का उपयोग भी सुनिश्चित किया जा सकेगा।
40 लाख की लागत से तैयार हो रहा प्लांट
एजेंसी के सुपरवाइजर एमडी फरीद ने बताया कि करीब 40 लाख रुपये की लागत से जरेडा के तहत श्रीराम इंटरप्राइजेज के माध्यम से सोलर प्लांट लगाया जा रहा है। प्लांट में कुल 120 बैटरियां लगायी जा रही हैं। प्रत्येक बैटरी दो वोल्ट की है। इस तरह 120 बैटरियों से कुल 240 वोल्ट का सिस्टम तैयार होगा। इन बैटरियों को सोलर प्लेट के माध्यम से चार्ज किया जाएगा।
लंबे समय तक मिलेगी बैकअप बिजली
सुपरवाइजर के अनुसार, सोलर सिस्टम पूरी तरह चार्ज होने के बाद विद्यालय को लंबे समय तक बिजली उपलब्ध कराने में सक्षम होगा। गर्मी की छुट्टी या किसी अन्य कारण से विद्यालय बंद रहने की स्थिति में बची हुई बिजली को पावर ग्रिड को सप्लाई किया जाएगा। इससे बिजली की बचत के साथ ग्रिड को अतिरिक्त ऊर्जा भी मिल सकेगी।
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए