पोषाहार और अंडे की राशि बकाया, आंगनबाड़ी सेविकाओं ने विधायक से लगायी गुहार
विधायक से मुलाकात के दौरान उपस्थित सेविकाएं | Prabhat Khabar Network
महेशपुर प्रखंड की आंगनबाड़ी सेविकाओं ने अपनी बकाया राशि के भुगतान को लेकर विधायक प्रो. स्टीफन मरांडी से मुलाकात की. पोषाहार और अंडे की राशि का भुगतान न होने से उन्हें उधार लेकर केंद्र चलाने की नौबत आ गई है. विधायक ने शीघ्र पहल का आश्वासन दिया है.
प्रतिनिधि, पाकुड़िया : महेशपुर प्रखंड की आंगनबाड़ी सेविकाओं ने रविवार को महेशपुर विधायक प्रो. स्टीफन मरांडी से मुलाकात कर अपनी विभिन्न मांगों से अवगत कराया. सेविकाओं ने आंगनबाड़ी केंद्रों के संचालन के दौरान पोषाहार एवं अंडे की राशि का भुगतान नहीं होने से उत्पन्न आर्थिक परेशानी की जानकारी विधायक को दी.
आपके शहर में
उधार लेकर केंद्र चलाने की बतायी परेशानी
सेविकाओं ने बताया कि वे अपने-अपने आंगनबाड़ी केंद्रों में सरकार की योजनाओं का नियमित रूप से संचालन कर रही हैं. बच्चों को सुबह का नाश्ता, गर्म भोजन एवं अंडा उपलब्ध कराया जाता है. उनके अनुसार, पोषाहार एवं अंडे की राशि समय पर नहीं मिलने के कारण कई सेविकाओं को उधार लेकर केंद्रों का संचालन करना पड़ रहा है.
फरवरी 2026 तक पोषाहार की राशि बकाया
सेविकाओं ने बताया कि पोषाहार की फरवरी 2026 तक की राशि तथा अंडे की अक्टूबर 2025 से बकाया राशि का भुगतान नहीं हुआ है. उन्होंने कहा कि केंद्रों पर पोषाहार की व्यवस्था में सेविकाओं को अपनी ओर से करीब एक से डेढ़ लाख रुपये तक खर्च करना पड़ा है. इससे आर्थिक परेशानी बढ़ गयी है.
विधायक ने दो दिनों में पहल का दिया आश्वासन
मामले को गंभीरता से लेते हुए विधायक प्रो. स्टीफन मरांडी ने संबंधित जिला स्तरीय अधिकारियों से फोन पर बातचीत की. उन्होंने सेविकाओं को उनकी बकाया राशि के भुगतान के लिए आवश्यक पहल का आश्वासन दिया. विधायक ने कहा कि दो दिनों के अंदर उनकी मांग पूरी कराने का प्रयास किया जाएगा. साथ ही उन्होंने सेविकाओं को किसी भी परेशानी की स्थिति में उनसे सीधे संपर्क करने को कहा.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए