आंध्रप्रदेश से सकुशल बरामद हुईं अमड़ापाड़ा की दो नाबालिग छात्राएं

बच्चियों के गायब होने की घटना से आक्रोशित लोगों ने स्कूल में ताला जड़ दिया था. सुरक्षित बरामदगी के बाद परिजनों समेत पूरे गांव ने राहत की सांस ली है.
अमड़ापाड़ा. अमड़ापाड़ा थाना क्षेत्र से कथित रूप से दो नाबालिग छात्राओं को बहला-फुसलाकर भगा कर ले जाने के मामले में गुरुवार को पाकुड़ पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है. पुलिस ने दोनों छात्राओं को आंध्र प्रदेश के नेल्लौर स्टेशन से सकुशल बरामद कर लिया है. इस कांड में संलिप्त एक अभियुक्त को भी गिरफ्तार किया गया है. छात्राओं की सुरक्षित बरामदगी के बाद परिजनों समेत पूरे गांव ने राहत की सांस ली है. जिले की पुलिस अधीक्षक निधि द्विवेदी ने गुरुवार शाम जानकारी देते हुए बताया कि 27 जनवरी 2026 को अमड़ापाड़ा थाना क्षेत्र से दो नाबालिग बच्चियों के लापता होने के संबंध में अमड़ापाड़ा थाना कांड संख्या 03/26 दर्ज किया गया था. मामला दर्ज होते ही पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए त्वरित अनुसंधान शुरू किया था. एसपी ने बताया कि पुलिस द्वारा तकनीकी साक्ष्यों और मोबाइल ट्रैकिंग के आधार पर दोनों बच्चियों की लोकेशन आंध्रप्रदेश के नेल्लौर में चिन्हित की गई. इसके बाद पाकुड़ पुलिस ने जीआरपी नेल्लौर एवं जिला पुलिस नेल्लौर के सहयोग से दोनों नाबालिग बच्चियों को सकुशल रेस्क्यू कर लिया गया है. उन्होंने बताया कि इस मामले में संलिप्त एक अन्य अभियुक्त को गिरफ्तार किया गया है. जबकि अन्य बिंदुओं पर भी जांच जारी है. बरामद दोनों नाबालिग बच्चियों को सकुशल उनके परिजनों के पास सौंपने की प्रक्रिया चल रही है. गौरतलब है कि इस मामले में पुलिस ने घटना के दूसरे ही दिन संबंधित विद्यालय में कार्यरत आईटी शिक्षक रितेश कुमार साह को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी थी. उल्लेखनीय है कि बच्चियों के लापता होने के करीब 36 घंटे बाद भी कोई सुराग नहीं मिलने पर गुरुवार को आक्रोशित ग्रामीणों और महिलाओं ने विद्यालय के मुख्य द्वार पर ताला जड़कर करीब आधे घंटे तक सड़क को अवरुद्ध कर विरोध प्रदर्शन किया था. मौके पर पहुंचे महेशपुर एसडीपीओ विजय कुमार, सीओ औसाफ अहमद खां और थाना प्रभारी मदन कुमार शर्मा ने ग्रामीणों को समझाया और 24 से 48 घंटे के भीतर बच्चियों को सुरक्षित बरामद करने का लिखित आश्वासन दिया था. फिलहाल पाकुड़ पुलिस दोनों छात्राओं को वापस लाने के लिए निकल चुकी है और पूरे मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई में जुटी हुई है.
प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए




