सावन महोत्सव में महिलाओं ने बिखेरे रंग, फैशन शो से लेकर सांस्कृतिक प्रस्तुतियों तक जमकर मस्ती
कार्यक्रम में शामिल नारी सम्मान ग्रुप की महिलाएं
लोहरदगा के होटल अमृत पैलेस में नारी सम्मान ग्रुप द्वारा सावन महोत्सव का धूमधाम से आयोजन किया गया. महिलाओं ने रंगारंग सांस्कृतिक प्रस्तुतियां, फैशन शो और मनोरंजक खेलों का आनंद लिया.
लोहरदगा: नारी सम्मान ग्रुप की ओर से 19 अगस्त को शहर के होटल अमृत पैलेस में सावन महोत्सव का आयोजन किया गया. कार्यक्रम में ग्रुप की महिलाओं ने उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए रंगारंग सांस्कृतिक और मनोरंजक कार्यक्रम प्रस्तुत किये.
आपके शहर में
दीप प्रज्वलन से हुई कार्यक्रम की शुरुआत
कार्यक्रम की शुरुआत दीप प्रज्वलन और वंदना के साथ हुई. इसके बाद अतिथियों का स्वागत-सम्मान किया गया और सभी महिलाओं का तिलक लगाकर स्वागत किया गया. महिलाओं ने सावन की थीम पर आधारित विभिन्न सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दीं. मनोरंजक गेम्स का भी आयोजन किया गया, जिसमें महिलाओं ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया.
पान के पत्ते के साथ फोटो सेशन रहा आकर्षण
कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण पान के पत्ते के साथ फोटो सेशन और फैशन शो के तहत आयोजित रैंप वॉक रहा. ग्रुप की अध्यक्ष रचना राय ने शास्त्रीय नृत्य प्रस्तुत कर सभी का मन मोह लिया. कार्यक्रम के दौरान महिलाएं अपनी रोजमर्रा की जिम्मेदारियों को कुछ समय के लिए भूलकर खुशी और उत्साह से झूमती नजर आयीं.
सावन महोत्सव से बढ़ता है उत्साह
रचना राय ने कहा कि सावन में इस तरह के आयोजन से मन में खुशी और उत्साह का संचार होता है. इसी उद्देश्य से ग्रुप की ओर से प्रत्येक वर्ष धूमधाम से सावन महोत्सव का आयोजन किया जाता है. वहीं अर्चना सेनगुप्ता ने कहा कि सावन भक्ति, श्रद्धा, प्रेम, श्रृंगार और सौहार्द का महीना है. ऐसे आयोजन संस्कृति और परंपराओं के संरक्षण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं.
बड़ी संख्या में महिलाएं हुईं शामिल
कार्यक्रम का मंच संचालन अनु अग्रवाल और अर्चना सेनगुप्ता ने किया. महिलाओं की विभिन्न प्रस्तुतियों से समारोह में उत्साह और उमंग का माहौल बना रहा. मौके पर अध्यक्ष रचना राय, अनु अग्रवाल, अर्चना गुप्ता, पूनम गुप्ता, रीना गुप्ता, रीता गुप्ता, संगीता गुप्ता, मंजू सोनी, मुक्ता पांडेय, नीलम कसेरा, निधि अग्रवाल, संजू साहू, दीपा, नवदीप विश्वकर्मा, रचना पाठक, श्वेता चौरसिया, बबीता सिंह और आकांक्षा पाठक सहित बड़ी संख्या में महिलाएं मौजूद थीं. अतिथि के रूप में रीता अग्रवाल, लक्ष्मी अग्रवाल और आशा गुप्ता उपस्थित रहीं.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए