गैस सिलेंडर चोरी का खुलासा: 17 सिलेंडर बरामद, नाबालिग समेत 4 गिरफ्तार; खरीदने वाले 2 दुकानदार भी जेल भेजे गए
भंडरा पुलिस ने गैस एजेंसी से हुई 17 सिलेंडर की चोरी का खुलासा किया है. इस मामले में एक नाबालिग सहित दो चोर और चोरी का सामान खरीदने वाले दो दुकानदारों को गिरफ्तार कर जेल भेजा गया है. पुलिस आगे की जांच में जुटी है.
भंडरा, लोहरदगा: भंडरा-भौरो रोड स्थित पहान गैस एजेंसी के गोदाम से हुई सिलेंडर चोरी के मामले में भंडरा पुलिस को बड़ी सफलता मिली है. पुलिस ने चोरी के सभी 17 सिलेंडर लोहरदगा के बरवाटोली से बरामद कर लिए हैं. इस मामले में एक नाबालिग सहित दो चोर और चोरी का सिलेंडर खरीदने वाले दो दुकानदारों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया है.
आपके शहर में
रंगे हाथ पकड़ा गया था एक चोर, उसी की निशानदेही पर हुआ खुलासा
थाना प्रभारी ने बताया कि पहान गैस एजेंसी के गोदाम से सिलेंडर चोरी करते हुए एक चोर को गैस एजेंसी संचालक ने रंगे हाथ पकड़कर पुलिस को सौंपा था. संचालक ने इस संबंध में थाना में लिखित आवेदन दिया था. कांड संख्या 57/26 दर्ज कर पुलिस ने जांच शुरू की. पकड़े गए चोर से पूछताछ के बाद पुलिस ने दूसरे आरोपी को भी गिरफ्तार कर लिया.
दोनों की निशानदेही पर पुलिस ने कार्रवाई करते हुए लोहरदगा शहरी क्षेत्र के बरवाटोली दुर्गा मंदिर के पास एक गैस दुकान में सदर थाना पुलिस के सहयोग से छापेमारी की. छापेमारी के दौरान चोरी गए सभी 17 सिलेंडर बरामद कर लिए गए.
दो चोर और दो खरीददार गिरफ्तार
पुलिस ने सिलेंडर चोरी के आरोप में विक्की महली, पिता रामदयाल महली, ग्राम भंडरा और एक नाबालिग को हिरासत में लिया है. वहीं चोरी के सिलेंडर खरीदने के आरोप में दो दुकानदारों को गिरफ्तार किया गया है. इनमें गोपाल साहू, पिता स्व. हीरालाल साहू, निवासी बरवाटोली, लोहरदगा और संदीप साहू उर्फ भोला साहू, पिता स्व. कनि साहू, निवासी बरवाटोली, लोहरदगा शामिल हैं. पुलिस ने दोनों दुकानदारों को हिरासत में लेकर जेल भेज दिया है.
थाना प्रभारी ने बताया कि गैस गोदाम से लगातार हो रही चोरी को लेकर एजेंसी संचालक परेशान थे. संचालक द्वारा एक चोर को पकड़कर पुलिस को सौंपे जाने के बाद पुलिस ने त्वरित कार्रवाई की. आरोपियों के बयान पर सभी 17 चोरी के सिलेंडर बरामद कर लिए गए हैं. मामले में आगे भी जांच जारी है और इस रैकेट में अन्य लोगों के शामिल होने की आशंका को लेकर पूछताछ की जा रही है.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए