18.35 ग्राम ब्राउन शुगर, दो युवक और रात की छापेमारी; लोहरदगा पुलिस ने ऐसे की कार्रवाई
जानकारी देते पुलिस अधिकारी | Prabhat Khabar Network
लोहरदगा पुलिस ने मैना बगीचा में देर रात छापेमारी की. इसमें 18.35 ग्राम ब्राउन शुगर के साथ दो युवकों को गिरफ्तार किया गया. आरोपियों को न्यायिक हिरासत में भेजा गया है.
लोहरदगा. लोहरदगा थाना पुलिस ने रविवार की रात मैना बगीचा चटपटी चौक के पास छापेमारी कर 18.35 ग्राम ब्राउन शुगर के साथ दो युवकों को गिरफ्तार किया. गिरफ्तार युवकों में नदिया शनि मंदिर के पीछे रहने वाला आर्यन भगत उर्फ आर्यनदेव भगत (22) और गुमला जिले के घाघरा बस्ती निवासी उतम उरांव (22) शामिल हैं. पुलिस के अनुसार, वर्तमान में उतम लोहरदगा के नदिया गेट के पास अपने ससुराल में रह रहा था.
सूचना पर गठित की गयी पुलिस टीम
पुलिस के अनुसार, रविवार रात करीब 8.30 बजे सूचना मिली थी कि मैना बगीचा चटपटी चौक के पास दो युवक ब्राउन शुगर की बिक्री और सेवन के लिए जमा हुए हैं. सूचना के सत्यापन के लिए वरीय अधिकारियों के निर्देश पर पुलिस टीम गठित की गयी.
अंचलाधिकारी सदर अंचल की मौजूदगी में पुलिस टीम मौके पर पहुंची. वहां बंद पड़ी दुकान के पास संदिग्ध अवस्था में मौजूद दोनों युवकों को घेराबंदी कर पकड़ा गया.
दोनों के पास से बरामद हुआ मादक पदार्थ
पुलिस के अनुसार, तलाशी के दौरान आर्यन भगत के पास से पॉलीथीन सहित 10.24 ग्राम और उतम उरांव के पास से पॉलीथीन सहित 8.11 ग्राम ब्राउन शुगर बरामद किया गया. पुलिस ने दोनों को गिरफ्तार कर बरामद मादक पदार्थ जब्त कर लिया.
इस मामले में लोहरदगा थाना कांड संख्या 131/26, दिनांक 20 सितंबर 2026 के तहत एनडीपीएस एक्ट की धारा 17(बी), 21(बी), 22(बी) और 29 के तहत प्राथमिकी दर्ज की गयी है. गिरफ्तार दोनों आरोपियों को न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया गया है.
छापेमारी टीम में ये पुलिसकर्मी रहे शामिल
छापेमारी टीम में थाना प्रभारी सह पुलिस निरीक्षक रत्नेश मोहन ठाकुर, पुअनि आदर्श कुमार, पुअनि प्रदीप कच्छप, आरक्षी पियूष टोप्पो, आरक्षी नरेश महली सहित तकनीकी शाखा की टीम और अन्य पुलिसकर्मी शामिल थे.
आपके शहर में
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए