लोहरदगा में सफाई मित्रों को मिला सुरक्षित काम का प्रशिक्षण, PPE और कचरा प्रबंधन पर जोर
फोटो अतिथि का स्वागत करते अधिकारी | Prabhat Khabar Network
लोहरदगा में 'स्वच्छता ही सेवा-2026' अभियान के तहत सफाई मित्रों और जनप्रतिनिधियों के लिए एक विशेष प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया. इस दौरान कचरा प्रबंधन, Bio-CNG उत्पादन की संभावनाओं और सफाई कर्मियों की सुरक्षा पर विस्तार से चर्चा की गई.
लोहरदगा. स्वच्छता ही सेवा-2026 अभियान के तहत ऑल इंडिया इंस्टीट्यूट ऑफ लोकल सेल्फ गवर्नमेंट (AIILSG) की ओर से नगर परिषद लोहरदगा के सफाई मित्रों और जनप्रतिनिधियों के लिए प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया. प्रशिक्षण का उद्देश्य सफाई मित्रों को सुरक्षित एवं प्रभावी तरीके से काम करने, सुरक्षा सावधानियों और व्यक्तिगत सुरक्षा उपकरण (PPE) के सही इस्तेमाल के प्रति जागरूक करना था.
कचरा प्रबंधन और Bio-CNG पर हुई चर्चा
प्रशिक्षण के दौरान सामुदायिक उपचार इकाई (CTU) के लिए उपयुक्त स्थल की पहचान, डंप साइट का चयन तथा ठोस अपशिष्ट के संग्रहण, पृथक्करण, प्रसंस्करण और वैज्ञानिक प्रबंधन पर चर्चा की गयी. नगर निकाय क्षेत्र में कचरे से Bio-CNG उत्पादन और राजस्व सृजन की संभावनाओं की भी जानकारी दी गयी.
इस दौरान जमशेदपुर और रांची नगर निकायों में कचरे से राजस्व सृजन के प्रयासों के साथ इंदौर नगर निगम के मॉडल का उदाहरण दिया गया. सफाई मित्रों को कार्यस्थल पर आवश्यक सावधानियों, PPE के इस्तेमाल और स्वच्छ एवं स्वस्थ वातावरण के निर्माण में उनकी भूमिका के बारे में जानकारी दी गयी.
सफाई मित्रों के सुरक्षित कार्य वातावरण पर जोर
नगर परिषद अध्यक्ष अनिल उरांव ने कहा कि सफाई मित्र नगर की स्वच्छता व्यवस्था की महत्वपूर्ण कड़ी हैं. उनके सुरक्षित और सम्मानजनक कार्य वातावरण को सुनिश्चित करना प्राथमिकता है. उपाध्यक्ष अब्दुल कादिर ने भी सफाई मित्रों के योगदान की सराहना की.
कार्यक्रम में नगर परिषद अध्यक्ष अनिल उरांव, उपाध्यक्ष अब्दुल कादिर, सभी वार्ड पार्षद, कार्यपालक पदाधिकारी, नगर प्रबंधक, नगर मिशन प्रबंधक समेत अन्य पदाधिकारी, कर्मी और सफाई मित्र मौजूद थे.
आपके शहर में
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए