चालान में दूरी कम दर्ज होने से ट्रक चालकों पर कार्रवाई का डर, एसोसिएशन ने खान सचिव से लगायी गुहार
पाखर-लोहरदगा ट्रक ऑनर एसोसिएशन ने खान एवं भूतत्व विभाग के सचिव को ज्ञापन सौंपा है. एसोसिएशन की मांग है कि माइनिंग चालान में दर्ज दूरी को वास्तविक सड़क दूरी के अनुरूप किया जाए. यह बदलाव ट्रक चालकों को अनावश्यक परेशानी और आर्थिक नुकसान से बचाएगा.
लोहरदगा. पाखर-लोहरदगा ट्रक ऑनर एसोसिएशन ने ट्रक मालिकों और चालकों से जुड़ी समस्याओं के समाधान की मांग को लेकर खान एवं भूतत्व विभाग के सचिव अरवा राजकमल को ज्ञापन सौंपा. एसोसिएशन के अध्यक्ष आरिफ हुसैन बाबलू ने ज्ञापन के माध्यम से पाखर माइंस से हेंसल साइडिंग तक माइनिंग चालान में दर्ज दूरी को स्पष्ट और वास्तविक करने की मांग की.
वास्तविक सड़क दूरी से कम दर्ज होने का दावा
एसोसिएशन का कहना है कि माइनिंग चालान में दर्ज दूरी वास्तविक सड़क दूरी से काफी कम है. इसके कारण ट्रक चालकों को निर्धारित समय सीमा में हेंसल साइडिंग पहुंचने में परेशानी होती है. समय को लेकर होने वाली जांच के दौरान ट्रक मालिकों और चालकों को अनावश्यक परेशानी के साथ आर्थिक नुकसान भी उठाना पड़ रहा है.
अध्यक्ष आरिफ हुसैन बाबलू ने सचिव से मामले की वास्तविक स्थिति की जांच कराने और चालान में सही सड़क दूरी दर्ज कराने की मांग की. उन्होंने कहा कि जब तक समस्या का स्थायी समाधान नहीं होता, तब तक ट्रक मालिकों और चालकों को अनावश्यक कार्रवाई से राहत दी जानी चाहिए.
नियमों का पालन करना चाहते हैं ट्रक मालिक और चालक
आरिफ हुसैन बाबलू ने कहा कि ट्रक मालिक और चालक नियमों का पालन करते हुए काम करना चाहते हैं, लेकिन चालान में दूरी सही दर्ज नहीं होने के कारण उन्हें परेशानी का सामना करना पड़ रहा है. एसोसिएशन ने विभाग से मामले को गंभीरता से लेते हुए जल्द समाधान की मांग की है.
एसोसिएशन ने उम्मीद जतायी कि विभाग मामले की जांच कर माइनिंग चालान में दर्ज दूरी और वास्तविक सड़क दूरी को स्पष्ट करेगा तथा इसके आधार पर उचित कार्रवाई करेगा.
आपके शहर में
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए