Lohardaga: चोरी की जांच करने पहुंची पुलिस टीम पर हमला, थाना प्रभारी समेत पुलिसकर्मियों से मारपीट
घटना के बाद जानकरी देते थाना प्रभारी. | Prabhat Khabar Network
कैरो के नगजुवा में चोरी की जांच कर रही पुलिस टीम पर ग्रामीणों द्वारा हमले का आरोप है. मामला दर्ज होने के बाद एसपी ने निष्पक्ष जांच का भरोसा दिया है.
राम प्रसाद की रिपोर्ट
कैरो (लोहरदगा): जिले के कैरो थाना क्षेत्र के नरौली पंचायत अंतर्गत नगजुवा मिडिल स्कूल के समीप सोमवार की रात दुकान में चोरी की जांच करने पहुंची पुलिस टीम के साथ ग्रामीणों द्वारा मारपीट किए जाने का मामला सामने आया है. ग्रामीणों पर थाना प्रभारी कुंदन कुमार रवानी समेत पुलिस बल के साथ मारपीट करने का आरोप है. घटना के बाद मंगलवार को ग्रामीणों का एक प्रतिनिधिमंडल लोहरदगा एसपी कार्यालय पहुंचा और पूरे मामले की निष्पक्ष जांच की मांग की.
चोरी की शिकायत के बाद पुलिस ने पकड़ा था संदिग्ध
जानकारी के अनुसार, दुकान संचालक इरफान अंसारी ने शनिवार को अपनी दुकान में चोरी होने की लिखित शिकायत कैरो थाना में दी थी. शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए एक संदिग्ध को पकड़कर थाना लाया. पुलिस के अनुसार, पूछताछ के दौरान संदिग्ध ने कथित तौर पर बताया कि दुकान में नशीला पदार्थ बेचा जाता है और वह उसी की चोरी करने के लिए दुकान में गया था.
ये भी पढ़ें- शादी से इंकार करने पर महिला पर कुल्हाड़ी से जानलेवा हमला, आरोपी गिरफ्तार
सत्यापन के लिए दुकान पहुंची थी पुलिस टीम
संदिग्ध के बयान के सत्यापन के लिए थाना प्रभारी कुंदन कुमार रवानी सोमवार की रात करीब नौ बजे पुलिस बल के साथ दुकान पर पहुंचे. पुलिस टीम आवेदनकर्ता इरफान अंसारी को भी अपने साथ लेकर गई थी. प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, पुलिस टीम के पहुंचते ही मौके पर ग्रामीणों की भीड़ जुट गई. इसी दौरान इरफान अंसारी ने ग्रामीणों के सामने आरोप लगाया कि थाने में उसके साथ मारपीट और गाली-गलौज की गयी है. इसके बाद ग्रामीण कथित तौर पर उग्र हो गये और थाना प्रभारी समेत पुलिस बल के साथ मारपीट शुरू कर दी.
ग्रामीणों ने एसपी से की निष्पक्ष जांच की मांग
घटना के बाद इरफान अंसारी ने बताया कि उन्होंने मोबाइल फोन पर एसपी से बात की थी. एसपी ने बताया कि वह लोहरदगा से बाहर हैं और मंगलवार सुबह पूरे मामले की जांच की जायेगी. इसके बाद मंगलवार सुबह ग्रामीणों का प्रतिनिधिमंडल एसपी कार्यालय पहुंचा और मामले की निष्पक्ष जांच की मांग की. इधर, पुलिस सूत्रों का कहना है कि चोरी की जांच के दौरान ग्रामीणों को भ्रमित किया गया, जिसके बाद पुलिस टीम पर हमला किया गया. फिलहाल पूरे मामले की जांच जारी है. एसपी ने आश्वासन दिया है कि जांच में जो भी दोषी पाया जायेगा, उसके खिलाफ विधि सम्मत कार्रवाई की जाएगी.
ये भी पढें- मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन की याचिका खारिज, 24 सितंबर को तय होंगे आरोप
आपके शहर में
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए