लोहरदगा में 17 अक्टूबर तक चलेगा सेवा पखवाड़ा, स्वास्थ्य और रक्तदान समेत होंगे कई कार्यक्रम
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का जन्मदिवस पर सेवा सप्ताह कार्यक्रम मनाते भाजपाई | Prabhat Khabar Network
लोहरदगा में भाजपा ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन पर सेवा संकल्प अभियान के तहत स्वास्थ्य शिविर और रक्तदान का आयोजन किया. यह अभियान 17 अक्टूबर तक चलेगा, जिसका उद्देश्य जरूरतमंदों की मदद करना है.
लोहरदगा. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिवस के अवसर पर भाजपा की ओर से सेवा संकल्प अभियान के तहत 17 सितंबर को सुदूरवर्ती हेसवे गांव में स्वास्थ्य शिविर का आयोजन किया गया. इस दौरान स्वास्थ्य विभाग की टीम ने ग्रामीणों को स्वास्थ्य संबंधी सेवाएं उपलब्ध करायीं. कार्यक्रम में भाजपा युवा मोर्चा के प्रदेश उपाध्यक्ष अजातशत्रु का जन्मदिन भी मनाया गया.
शिविर में ग्रामीणों को मुफ्त चिकित्सा परामर्श के साथ ही हीमोग्लोबिन, ब्लड शुगर और बीपी की जांच की गयी. जरूरतमंद लोगों के बीच दवा का वितरण भी किया गया. वहीं, लोहरदगा जिले में स्वैच्छिक रक्तदान शिविर का भी आयोजन किया गया, जिसमें युवाओं और स्थानीय कार्यकर्ताओं ने रक्तदान किया. अजातशत्रु के जन्मदिन के अवसर पर बच्चों के बीच पाठ्यक्रम से संबंधित सामग्री भी वितरित की गयी.
17 अक्टूबर तक चलेगा सेवा पखवाड़ा
आयोजकों के अनुसार सेवा संकल्प अभियान को सेवा पखवाड़े के रूप में 17 अक्टूबर तक चलाया जाएगा. इसका उद्देश्य जरूरतमंद लोगों तक सहायता और जनसेवा से जुड़ी गतिविधियां पहुंचाना है. अभियान के तहत जिले के विभिन्न क्षेत्रों में स्वास्थ्य सेवा, रक्तदान और अन्य लोक कल्याणकारी कार्यक्रम आयोजित किये जा रहे हैं.
कार्यक्रम में पूर्व लोकसभा सांसद सुदर्शन भगत और पूर्व राज्यसभा सांसद समीर उरांव समेत भाजपा के जिला व प्रखंड पदाधिकारी, कार्यकर्ता और समाजसेवी मौजूद रहे.
सुदर्शन भगत ने कहा- सेवा कार्य से मिलती है ऊर्जा
पूर्व सांसद सुदर्शन भगत ने कहा कि सेवा कार्यों से पार्टी कार्यकर्ताओं को ऊर्जा मिलती है. उन्होंने कहा कि जरूरतमंद लोगों तक स्वास्थ्य सेवा पहुंचाना महत्वपूर्ण है, ताकि उन्हें समय पर स्वास्थ्य संबंधी जानकारी, परामर्श और उपचार मिल सके.
कार्यक्रम के दौरान एक बुजुर्ग महिला ने कहा कि वह प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को व्यक्तिगत रूप से नहीं जानतीं, लेकिन मुफ्त राशन उपलब्ध कराने वाली सरकार के रूप में उन्हें जानती हैं. उन्होंने स्वास्थ्य शिविर को अपने जैसे जरूरतमंद लोगों के लिए अच्छी पहल बताया.
मौके पर पूर्व विधान पार्षद प्रवीण सिंह, भिखारी भगत, तेम्बू उरांव, राजमोहन राम, जिलाध्यक्ष अजय पंकज, नगर अध्यक्ष अनिल उरांव सहित जिला और प्रखंड स्तर के कार्यकर्ता मौजूद थे.
आपके शहर में
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए