आबादी के पास डंपिंग यार्ड का विरोध, ग्रामीणों ने दी आंदोलन की चेतावनी
गांव में बैठक कर गोलबंद हुए ग्रामीण | Prabhat Khabar Network
झालजमीरा पंचायत के दतरी गांव में कचरा डंपिंग यार्ड बनाने का ग्रामीणों ने किया विरोध, आबादी से दूर निर्माण की मांग की.
सेन्हा (लोहरदगा): नगरपालिका द्वारा कचरा डंपिंग यार्ड निर्माण की योजना को लेकर झालजमीरा पंचायत के दतरी गांव के ग्रामीणों में आक्रोश है. ग्राम प्रधान की अध्यक्षता में हुई बैठक में ग्रामीणों ने योजना का विरोध करते हुए डंपिंग यार्ड को आबादी क्षेत्र से दूर बनाने की मांग की. ग्रामीणों का कहना है कि प्रस्तावित स्थल के आसपास मवेशियों के चरने की जगह और बच्चों का खेल मैदान है. ऐसे में यहां कचरा डंपिंग यार्ड बनने से गांव के लोगों को कई तरह की परेशानियों का सामना करना पड़ेगा.
आबादी से दूर बनाने की मांग, आंदोलन की चेतावनी
मुखिया बंधन उरांव ने भी ग्रामीणों की मांग का समर्थन किया. उन्होंने कहा कि पंचायत, गांव और ग्रामीणों के हित के खिलाफ कोई काम नहीं होने दिया जायेगा. नियमसंगत और ग्रामीणों के हित में होने वाले कार्यों का ही समर्थन किया जायेगा. उन्होंने कहा कि यदि ग्रामीणों की मांग पर प्रशासन ने गंभीरता से विचार नहीं किया, तो ग्रामीण आंदोलन करने के लिए बाध्य होंगे.
ये भी पढ़ें- बाल विवाह, बाल श्रम और डायन-बिसाही के खिलाफ चला अभियान
दुर्गंध और संक्रमण का जताया डर
ग्रामीणों ने कहा कि आबादी के समीप कचरा डंपिंग यार्ड बनने से दुर्गंध के साथ मक्खी-मच्छर और आवारा पशुओं का प्रकोप बढ़ेगा. इससे संक्रमण फैलने की आशंका भी रहेगी. कचरे से निकलने वाला गंदा पानी जमीन में जाने से भूजल और आसपास के जलस्रोत दूषित हो सकते हैं. इसका असर नदी और अन्य जल प्रणालियों पर भी पड़ सकता है.
ग्रामसभा की सहमति के बिना निर्माण का विरोध
ग्रामीणों ने बताया कि प्रस्तावित स्थल के आसपास सामाजिक और धार्मिक स्थल, चरागाह और बच्चों का खेल मैदान भी है. इसलिए इन सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए डंपिंग यार्ड का स्थल बदला जाना चाहिए. ग्रामीणों ने स्पष्ट कहा कि ग्रामसभा की सहमति के बिना डंपिंग यार्ड का निर्माण स्वीकार नहीं किया जायेगा. बैठक में ग्राम प्रधान, मुखिया समेत अन्य जनप्रतिनिधियों की मौजूदगी में विभिन्न बिंदुओं पर चर्चा की गयी. मौके पर बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित थे.
ये भी पढ़ें- गुमला में तेज रफ्तार ऑटो ने बाइक को मारी टक्कर, एक ही परिवार के 5 लोग घायल
आपके शहर में
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए