लोहरदगा में जुटीं क्षत्रिय समाज की महिलाएं, शिक्षा और सामाजिक विकास को लेकर रखे विचार
मौजूद लोग संबोधित करती महिलाएं | Prabhat Khabar Network
क्षत्रिय गौरव एकता मंच की महिला शाखा ने लोहरदगा में एक दिवसीय सम्मेलन आयोजित किया. इस दौरान समाज के गौरवशाली इतिहास, वर्तमान परिस्थितियों और महिलाओं की भूमिका पर विचार-विमर्श किया गया. शिक्षा, संस्कार और नारी सशक्तिकरण जैसे मुद्दों पर जोर दिया गया.
लोहरदगा. टाइनी टास्क स्कूल सभागार में रविवार को क्षत्रिय गौरव एकता मंच की महिला शाखा का एकदिवसीय सम्मेलन आयोजित किया गया. कार्यक्रम का शुभारंभ क्षत्रिय गौरव एकता मंच झारखंड के संयोजक प्रवीण कुमार सिंह, समाजसेवी कृपा प्रसाद सिंह, क्षत्रिय महासभा लोहरदगा के अध्यक्ष उदय शेखर और महासचिव जयंत कुमार सिंह समेत अन्य अतिथियों ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलित कर किया. अध्यक्षता संध्या सिंह ने की, जबकि संचालन अंजली सिंह ने किया. स्वागत भाषण उदय शेखर ने दिया.
शिक्षा और सामाजिक विकास पर जोर
सम्मेलन में वक्ताओं ने समाज के गौरवशाली इतिहास, वर्तमान परिस्थितियों और समाज के विकास में महिलाओं की भूमिका पर विस्तार से विचार रखे. शिवांगी सिंह ने छात्राओं की भूमिका और समाज के विकास में महिलाओं के योगदान पर प्रकाश डाला. नीतू सिंह ने समाज के उत्थान में महिलाओं की भागीदारी को महत्वपूर्ण बताया.
पूजा सिंह ने नई पीढ़ी को नशे से दूर रखने, ग्रामीण महिलाओं की स्थिति में सुधार, बुजुर्गों के सम्मान और सामाजिक संस्कारों को मजबूत करने पर जोर दिया. जान्हवी सिंह ने नारी सशक्तीकरण, बच्चों की बेहतर परवरिश, परिवार के सुचारु संचालन और शिक्षा को समाज की ताकत बनाने की बात कही. उन्होंने कौशल विकास और खेलकूद में बच्चों व युवाओं की भागीदारी बढ़ाने की अपील की.
महिलाओं को सशक्त बनाने पर जोर
मुख्य वक्ता एवं मंच के संयोजक प्रवीण कुमार सिंह ने कहा कि शिक्षा समाज के विकास का महत्वपूर्ण आधार है. उन्होंने क्षत्रिय समाज में एकजुटता बढ़ाने और महिलाओं को सशक्त बनाने के लिए निरंतर प्रयास करने की आवश्यकता जतायी. उन्होंने बुजुर्गों के सम्मान के साथ लोहरदगा समेत अन्य जिलों में महिलाओं की स्थिति पर भी विचार रखे.
महिलाओं के बीच बेहतर समन्वय के लिए उन्होंने व्हाट्सएप समूह बनाने का प्रस्ताव रखा. उपस्थित महिलाओं ने हाथ उठाकर प्रस्ताव का समर्थन किया.
सम्मेलन के अंत में धन्यवाद ज्ञापन किया गया. राष्ट्रगान के साथ कार्यक्रम का समापन हुआ. मौके पर सुदेश सौरव, संध्या सिंह, अंजली सिंह, शिवांगी कुमारी, वीणा सिंह, नीतू सिंह, पूजा सिंह, सपना शाहदेव, जान्हवी सिंह समेत बड़ी संख्या में महिलाएं और समाज के लोग उपस्थित थे.
आपके शहर में
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए