लोहरदगा में करमा पर्व की तैयारी पूरी, 21 सितंबर को सांस्कृतिक समारोह और 22 को होगी करमा पूजा
केंद्रीय सरना समिति लोहरदगा में करमा पर्व मनाने के लिए पूरी तरह तैयार है. 21 सितंबर को बीएस कॉलेज में सांस्कृतिक समारोह और 22 सितंबर को आदिवासी कॉलेज में करमा पूजा का आयोजन किया जाएगा. इस अवसर पर मंत्री, सांसद और कई गणमान्य अतिथि उपस्थित रहेंगे.
लोहरदगा. केंद्रीय सरना समिति लोहरदगा के तत्वावधान में आयोजित होने वाले करमा पूर्व संध्या सांस्कृतिक समारोह और करमा पूजा की तैयारियां पूरी कर ली गई हैं. करमा पूर्व संध्या सांस्कृतिक समारोह 21 सितंबर को बीएस कॉलेज लोहरदगा परिसर में आयोजित होगा. वहीं 22 सितंबर को आदिवासी कॉलेज छात्रावास परिसर में करमा पूजा समारोह होगा.
केंद्रीय सरना समिति के अध्यक्ष रघु उरांव, सचिव शशि कुमार भगत और कोषाध्यक्ष वकील भगत के नेतृत्व में कार्यक्रम की तैयारियां पूरी की गई हैं. समिति के अनुसार, एक मंच पर करमा पूजा आयोजन की शुरुआत वर्ष 1984 में हुई थी, जबकि 1989 से करमा पूर्व संध्या सांस्कृतिक समारोह का आयोजन किया जा रहा है. वर्तमान में यह आयोजन जिले के सभी प्रखंडों तक पहुंच चुका है.
सामूहिक नृत्य और एकल गायन की होंगी प्रस्तुतियां
21 सितंबर को सुबह 11 बजे करमा पूर्व संध्या समारोह का शुभारंभ होगा. बीएस कॉलेज के प्राचार्य शशि कुमार गुप्ता और शिक्षक दीप प्रज्वलित कर कार्यक्रम का उद्घाटन करेंगे. कस्तूरबा महिला कॉलेज छात्रावास की छात्राएं स्वागत गान प्रस्तुत करेंगी. इसके बाद सामूहिक नृत्य, एकल गायन समेत विभिन्न सांस्कृतिक प्रस्तुतियां होंगी.
कार्यक्रम में बच्चों और बड़ों के लिए अलग-अलग प्रतियोगिताएं भी आयोजित की जाएंगी. रांची जिले से कलाकारों की टीमें भी समारोह में शामिल होने पहुंचेंगी.
मंत्री समेत कई अतिथि होंगे शामिल
समारोह में कल्याण मंत्री चमरा लिंडा मुख्य अतिथि होंगे. सांसद सुखदेव भगत, विधायक रामेश्वर उरांव, पूर्व राज्यसभा सदस्य धीरज प्रसाद साहू, पूर्व सांसद सुदर्शन भगत समेत अन्य अतिथि मौजूद रहेंगे.
22 सितंबर को होगी करमा पूजा
22 सितंबर को शाम चार बजे आदिवासी कॉलेज छात्रावास परिसर में करम डाली काटने के साथ करमा पूजा शुरू होगी. विभिन्न छात्रावासों की छात्राएं और शहर के अलग-अलग मोहल्लों के लोग उपवास रखकर पूजा में शामिल होंगे.
शाम 8:30 बजे उपायुक्त संदीप कुमार मीणा, एसपी सादिक अनवर रिजवी, डीडीसी राज महेश्वरम, एसडीओ अमित कुमार और प्रोफेसर सरिता कच्छप समेत अन्य अतिथियों का आगमन होगा.
आपके शहर में
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए