करमा पूर्व संध्या पर कैरो में दिखी आदिवासी संस्कृति की झलक, 30 दलों ने बांधा समां
फोटो संबोधित करते विधायक | Prabhat Khabar Network
कैरो जतरा टांड़ में करमा पूर्व संध्या पर एक भव्य समारोह का आयोजन किया गया. इस दौरान 30 आदिवासी दलों ने पारंपरिक कला और संस्कृति का मनमोहक प्रदर्शन किया, जिससे पूरा माहौल उत्सवमय हो गया.
कैरो (लोहरदगा). प्रखंड क्षेत्र के कैरो जतरा टांड़ में शनिवार को प्रखंड स्तरीय करमा पूर्व संध्या सह मिलन समारोह का आयोजन किया गया. कार्यक्रम का उद्घाटन झारखंड सरकार के मंत्री चमरा लिंडा, लोहरदगा विधायक डॉ रामेश्वर उरांव सहित अन्य अतिथियों ने फीता काटकर किया. इससे पूर्व निर्माणाधीन शक्ति खूंटा के समीप पाहन, पुजार एवं महतो ने विधि-विधान से पूजा-अर्चना की.पूजा के बाद प्रखंड क्षेत्र से पहुंचे 30 खोड़ाहा दलों ने बारी-बारी से पारंपरिक कला-संस्कृति की मनमोहक प्रस्तुति दी. ढोल-मांदर की थाप और पारंपरिक नृत्य से पूरा जतरा टांड़ उत्सवी माहौल में बदल गया. अतिथियों का आयोजन समिति की ओर से बैच पहनाकर, अंगवस्त्र एवं बुके भेंट कर तथा पारंपरिक रीति-रिवाज के साथ स्वागत किया गया.
मुख्य अतिथि मंत्री चमरा लिंडा ने कहा कि आदिवासी समाज प्रकृति का पुजारी है. करमा पर्व भाई-बहन के अटूट प्रेम, प्रकृति से जुड़ाव और अच्छी फसल की कामना का प्रतीक है. उन्होंने कहा कि आधुनिक दौर में पारंपरिक संस्कृति पर प्रभाव पड़ रहा है. समाज को अपनी पुरानी परंपराओं को जीवित रखते हुए ढोल-मांदर की थाप पर पर्व मनाने की जरूरत है. उन्होंने शिक्षा को बढ़ावा देने और नशापान से दूर रहने का आह्वान किया.
विधायक डॉ रामेश्वर उरांव ने कहा कि करमा आदिवासी समाज का लोकप्रिय पर्व है. अपनी कला, संस्कृति और रीति-रिवाजों का संरक्षण जरूरी है. उन्होंने कहा कि हनारा संकल्प अखड़ा का निर्माण कराने तथा पर्व-त्योहार के अवसर पर ढोल-मांदर समेत पारंपरिक वाद्ययंत्र उपलब्ध कराने का संकल्प है.
कार्यक्रम में वक्ताओं ने करमा-धरमा की कथा, पर्व के इतिहास और आदिवासी सभ्यता-संस्कृति पर प्रकाश डाला. आयोजन समिति ने शिक्षा और खेल के क्षेत्र में बेहतर प्रदर्शन करने वाले बच्चों को सम्मानित किया. मैट्रिक, इंटर सहित विभिन्न परीक्षाओं में अच्छे अंक प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों तथा खेलों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले बच्चों के बीच पुरस्कार वितरित किए गए.
मौके पर जिला परिषद अध्यक्ष सुखदेव उरांव, पूर्व जिला परिषद अध्यक्ष रीना भगत, शरत कुमार विद्यार्थी, डॉ राकेश कुमार, मुखिया बीरेंद्र महली, उप मुखिया रवि प्रजापति, थाना प्रभारी कुंदन कुमार रवानी, आयोजन समिति अध्यक्ष विकास उरांव, सचिव जागेश्वर उरांव, कोषाध्यक्ष जगबंधन भगत, मुख्य संरक्षक बुधवा उरांव सहित समिति के पदाधिकारी एवं सैकड़ों ग्रामीण उपस्थित थे.
आपके शहर में
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए