29 अंक हासिल कर शालिनी तिग्गा बनीं जनवल-01 आंगनबाड़ी की नई सेविका, ग्राम सभा में तालियों से हुआ स्वागत
ग्राम सभा में मौजूद ग्रामीण
जनवल-01 आंगनबाड़ी केंद्र को नई सेविका मिल गई है. ग्राम सभा में शालिनी तिग्गा के नाम की घोषणा की गई, जिन्हें 29 अंक प्राप्त हुए. नवनिर्वाचित सेविका सभी योजनाओं का लाभ जच्चा-बच्चा तक पहुंचाने का वादा करती हैं.
किस्को, लोहरदगा: किस्को प्रखंड अंतर्गत परहेपाठ पंचायत के जनवल आंगनबाड़ी केंद्र-01 में नई सेविका के चयन को लेकर ग्राम सभा का आयोजन किया गया. इसमें शालिनी तिग्गा को सेविका पद के लिए चयनित किया गया. जनवल गांव में आयोजित ग्राम सभा में बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे.
आपके शहर में
दस्तावेजों की जांच के बाद हुआ चयन
पूर्व सेविका कमली देवी के सेवानिवृत्त होने के बाद रिक्त पद पर नियुक्ति के लिए राज्य सरकार के दिशा-निर्देश के तहत चयन प्रक्रिया आयोजित की गयी. बैठक के दौरान सभी अभ्यर्थियों के शैक्षणिक एवं आवश्यक दस्तावेजों की जांच की गयी. जांच के बाद शालिनी तिग्गा को सर्वाधिक 29 अंक प्राप्त हुए. इसके आधार पर उन्हें जनवल-01 आंगनबाड़ी केंद्र की नई सेविका घोषित किया गया. घोषणा के बाद ग्रामीणों ने तालियों के साथ उनका स्वागत किया.
योजनाओं का लाभ पहुंचाना प्राथमिकता
नवनिर्वाचित सेविका शालिनी तिग्गा ने कहा कि वह पूर्व सेविका द्वारा किये गये कार्यों को आगे बढ़ाते हुए पोषक क्षेत्र के जच्चा-बच्चा तक सरकार की सभी योजनाओं का लाभ पहुंचाने का प्रयास करेंगी. उन्होंने कहा कि बिना किसी भेदभाव और स्वार्थ के अपनी जिम्मेदारियों का ईमानदारी से निर्वहन करना उनकी प्राथमिकता होगी.
मौके पर पंचायत समिति सदस्य बसंती उरांव, महिला पर्यवेक्षिका, पाहन देवठान उरांव, जनवल आंगनबाड़ी-02 की सेविका कल्याणी उरांव, सहायिका रेणु उरांव, मंगल उरांव, जगदेव उरांव, पंकिल उरांव सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए