कुड़ू में 11 हजार वोल्ट तार की चपेट में आया डीजे वाहन, एक बाराती की मौत, तीन घायल
Published by : SHAILESH AMBASHTHA Updated At : 27 May 2026 9:09 PM
कुड़ू में 11 हजार वोल्ट तार की चपेट में आया डीजे वाहन, एक बाराती की मौत, तीन घायल
कुड़ू़ थाना क्षेत्र के बड़की चांपी गांव में बुधवार को बारात से लौट रहा डीजे लदा पिकअप वाहन 11 हजार वोल्ट के बिजली तार की चपेट में आ गया. इस हादसे में करंट की चपेट में आने से तीन युवक गंभीर रूप से झुलस गये, जिनमें से एक की इलाज के दौरान मौत हो गयी. दो घायलों का इलाज लोहरदगा सदर अस्पताल में चल रहा है. बताया जाता है कि मंगलवार शाम कुड़ू के बड़की चांपी बड़का टोली से लातेहार बारात गयी थी. बुधवार को वापसी के दौरान डीजे लदा पिकअप वैन जैसे ही बड़का टोली के समीप घुमावदार मोड़ पर पहुंचा, सड़क किनारे लटक रहे हाइ वोल्टेज बिजली तार से सट गया. तार के छूते ही पूरे वाहन में करंट दौड़ गया. इस हादसे में वाहन पर सवार सुमित उरांव, सत्येंद्र उरांव और प्रिंस उरांव गंभीर रूप से झुलस गये. अस्पताल ले जाने पर एक मृत घोषित : घटना के बाद ग्रामीणों ने आनन-फानन में तीनों को लोहरदगा सदर अस्पताल पहुंचाया. वहां जांच के बाद डॉक्टरों ने लोहरदगा के बाधा नावाटोली निवासी सुमित उरांव को मृत घोषित कर दिया. वहीं, बड़की चांपी गोपीटोला निवासी सत्येंद्र उरांव व टिको मनातू निवासी प्रिंस उरांव का इलाज चल रहा है. एक अन्य युवक को मामूली झटका लगा था, जिसका इलाज निजी क्लीनिक में कराया गया. कुड़ू थाना प्रभारी अजीत कुमार ने बताया कि पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया है और मामले की जांच कर रही है.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










