लोहरदगा के बड़ा तालाब में बनारस की तर्ज पर भव्य गंगा आरती, उमड़ी श्रद्धालुओं की भीड़
Published by : SHAILESH AMBASHTHA Updated At : 27 May 2026 9:12 PM
लोहरदगा के बड़ा तालाब में बनारस की तर्ज पर भव्य गंगा आरती, उमड़ी श्रद्धालुओं की भीड़
लोहरदगा़ जिले में गंगा दशहरा के पावन अवसर पर लोहरदगा शहर स्थित बड़ा तालाब परिसर में बनारस की प्रसिद्ध गंगा आरती की तर्ज पर भव्य मां गंगा आरती का आयोजन किया गया. दीपों की जगमगाहट, शंखनाद, वैदिक मंत्रोच्चार और हर-हर गंगे के जयघोष से पूरा शहर भक्तिमय वातावरण में डूब गया. कार्यक्रम में काफी संख्या में श्रद्धालु, महिलाएं, युवा एवं बच्चे शामिल हुए और मां गंगा की आराधना में श्रद्धाभाव से जुटे रहे. श्रद्धालुओं को वाराणसी के दशाश्वमेध घाट की जीवंत अनुभूति दिखी : आयोजन की शुरुआत मुख्य रूप से वैदिक मंत्रोच्चार, दीप प्रज्वलन एवं विशेष पूजा-अर्चना के साथ हुई. इसके बाद पारंपरिक वेशभूषा में उपस्थित पुजारी तरुण पांडे ने एक साथ विशाल दीपदान, घंटियों की गूंज और शंखनाद के बीच मां गंगा की महाआरती की. इस विहंगम दृश्य ने वहां मौजूद श्रद्धालुओं को वाराणसी के दशाश्वमेध घाट की जीवंत अनुभूति करा दी. आरती के दौरान पूरा बड़ा तालाब परिसर भक्ति गीतों और गूंजते जयघोषों से आध्यात्मिक ऊर्जा से भर उठा. आकर्षक विद्युत सज्जा, सुगंधित फूलों और सैकड़ों दीपों से सुसज्जित तालाब परिसर इस अवसर पर दिव्य और मनमोहक दिखायी दे रहा था. श्रद्धालुओं ने तालाब के किनारे दीप प्रवाहित कर सुख-समृद्धि, शांति एवं अपने परिवार की खुशहाली की कामना की. जल संरक्षण का संदेश : आयोजकों ने बताया कि गंगा दशहरा पर चौथी बार लोहरदगा में इस प्रकार की भव्य गंगा आरती का आयोजन किया गया है. इसका मुख्य उद्देश्य सनातन संस्कृति, धार्मिक आस्था और जल संरक्षण के प्रति लोगों को जागरूक करना है. कई श्रद्धालुओं ने इस अनूठी पहल को लोहरदगा के लिए ऐतिहासिक और यादगार बताते हुए कहा कि इस तरह के धार्मिक एवं सांस्कृतिक आयोजन शहर की सांस्कृतिक पहचान को एक नयी दिशा देंगे. कार्यक्रम में गणमान्य नागरिकों एवं शहरवासियों की उल्लेखनीय उपस्थिति रही. वहीं, सुरक्षा एवं यातायात व्यवस्था को लेकर प्रशासन की ओर से भी आवश्यक इंतजाम किये गये थे, जिससे पूरा कार्यक्रम शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न हुआ. कार्यक्रम के सफल आयोजन में पंडित तरुण पांडेय की महत्वपूर्ण भूमिका रही. इस पावन मौके पर अनिल कुमार गुप्ता, पूजा अग्रवाल, मानसी कुमारी, कुमारी अंतरा, राखी कुमारी, सिमरन गुप्ता, राजनंदनी कुमारी, प्रियंका साहू, बृष्टि कश्यप, भावना मित्तल, सृष्टि पांडे सहित आयोजन समिति के सभी सदस्य एवं सेवादार सक्रिय रूप से शामिल थे.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










