मगध कोलियरी में लोडिंग और भाड़े को लेकर ट्रक मालिकों में आक्रोश, दी आंदोलन की चेतावनी

Updated:
विज्ञापन

ट्रक ऑनर एसोसिएशन की बैठक में शामिल लोग | Prabhat Khabar Network

बालूमाथ ट्रक ओनर एसोसिएशन ने अवैध लोडिंग और भाड़ा वृद्धि के खिलाफ आंदोलन की चेतावनी दी है। स्थानीय ट्रक मालिकों को हो रहे नुकसान पर प्रशासन से कार्रवाई की मांग।

विज्ञापन

लातेहार. बालूमाथ प्रखंड मुख्यालय स्थित ट्रक ऑनर एसोसिएशन के कार्यालय में मंगलवार को संगठन की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई. बैठक की अध्यक्षता एसोसिएशन के अध्यक्ष कमलेश सिंह ने की. बैठक में मगध कोलियरी में ट्रकों के भाड़े, कोयला लोडिंग और स्थानीय ट्रक मालिकों की समस्याओं को लेकर विस्तार से चर्चा की गई.

आपके शहर में

विज्ञापन

लोडर से कोयला लोडिंग में वृद्धि पूरी तरह अवैध

अध्यक्ष कमलेश सिंह ने कहा कि मगध कोलियरी में इन दिनों ट्रकों का भाड़ा बढ़ाने के नाम पर आंदोलन किया जा रहा है, लेकिन इसका लाभ ट्रक मालिकों को नहीं मिल रहा है. उनका आरोप है कि आंदोलन के बाद ट्रकों का भाड़ा बढ़ाने के बजाय लोडर से कोयला लोडिंग में वृद्धि कर दी गई है, जो पूरी तरह अवैध है. उन्होंने कहा कि कोलियरी बालूमाथ प्रखंड क्षेत्र में स्थित होने के बावजूद स्थानीय ट्रक मालिकों और लोगों को लगातार नजरअंदाज किया जा रहा है.

स्थानीय ट्रक मालिकों को आर्थिक नुकसान

उन्होंने आरोप लगाया कि भाड़ा बढ़ोतरी के नाम पर बार-बार आंदोलन किया जाता है और लोडिंग शुल्क बढ़ाने की बात कही जाती है. इसके बावजूद अंत में ट्रकों का भाड़ा पुराना ही रहता है. इससे स्थानीय ट्रक मालिकों को आर्थिक नुकसान उठाना पड़ रहा है. उनका कहना था कि वर्तमान व्यवस्था में ट्रक मालिकों को उनके खर्च और मुनाफे के अनुरूप भाड़ा नहीं मिल रहा है.

ये भी पढ़ें: सावन में बेतला के जंगल में गूंज रही मोरों की पिहू-पिहू, याद आ रही रफी-जॉनी वॉकर की मुलाकात

कई स्थानों पर अवैध वसूली

एसोसिएशन ने कोलियरी क्षेत्र में कई स्थानों पर अवैध वसूली का भी आरोप लगाया. संगठन के सदस्यों ने कहा कि कोलियरी में लोडर से कोयला लोडिंग के लिए शुल्क निर्धारित करने का अधिकार संबंधित कंपनी और प्रबंधन के स्तर पर तय होता है, लेकिन यहां लोडिंग व्यवस्था को कथित तौर पर अवैध कमाई का माध्यम बनाया जा रहा है.

ये भी पढ़ें: नेतरहाट में शराबी पति ने पत्नी की पीट-पीटकर हत्या, आरोपी गिरफ्तार

समस्याओं का जल्द समाधान नहीं तो करेंगे आंदोलन

बैठक में एसोसिएशन ने चेतावनी दी कि यदि इन समस्याओं का जल्द समाधान नहीं किया गया तो संगठन झारखंड ढाबा के समीप टेंट लगाकर जोरदार आंदोलन करेगा. इसके साथ ही कोलियरी क्षेत्र में गाड़ियों के प्रवेश पर पूरी तरह रोक लगाने की कार्रवाई की जाएगी. बैठक में सुरेश राम, संजय गुप्ता, नामेश्वर गुप्ता, हनी खान, अर्जुन साहू, बबलू चौरसिया, अजीत कुमार उर्फ मंत्री, पंकज सिन्हा, पंकज साहू, गिरेंद्र यादव और मो. शमीम बुलेट समेत कई लोग उपस्थित रहे.


विज्ञापन

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन
Sponsored Linksby Taboola