बंद घरों की रेकी कर करते थे चोरी, लातेहार में छह मामलों का खुलासा; चार आरोपी गिरफ्तार
जानकारी देते एसडीपीओ | Prabhat Khabar Network
लातेहार पुलिस ने चोरी और गृहभेदन की वारदातों को अंजाम देने वाले चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। इन आरोपियों ने बंद घरों को निशाना बनाकर लाखों के जेवर और नकदी चुराई थी।
लातेहार. जिले में चोरी और गृहभेदन की घटनाओं के मामले में लातेहार पुलिस ने चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है. पुलिस के अनुसार, एसपी के निर्देश पर एसडीपीओ संदीप कुमार गुप्ता के नेतृत्व में गठित विशेष टीम ने 17 सितंबर को गुप्त सूचना के आधार पर कार्रवाई की. पुलिस ने लातेहार, बारियातू और चंदवा थाना क्षेत्र में हुई छह चोरी की घटनाओं का उद्भेदन करने का दावा किया है.
एसडीपीओ संदीप कुमार गुप्ता ने पुलिस मुख्यालय में आयोजित प्रेस वार्ता में बताया कि आरोपी गुलगुलिया समुदाय के लोगों की तरह वेशभूषा में गांव-गांव घूमकर बंद घरों की रेकी करते थे. इसके बाद बंद घरों को निशाना बनाकर चोरी की घटना को अंजाम देते और सीमावर्ती जिलों एवं राज्यों में चले जाते थे.
1.5 किलो आभूषण और 1.07 लाख रुपये बरामद
पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपियों में शीतल कुमारी (18), पिता समरंजन पासवान, गुलगुलिया टोला बारियातू, मार्गो खेरवार (18), पिता लम्बू खेरवार, स्थायी पता डालमिया नगर, रोहतास, बिहार, मनीषा देवी (24), पति अमन राजपूत और बंटी कुमार उर्फ बड्डू (18), पिता राज रवानी, गुलगुलिया टोला बारियातू शामिल हैं.
आरोपियों के पास से दो सोने की चेन, तीन मंगलसूत्र, एक मांगटीका, एक जीतिया, दो अंगूठियां, दो लॉकेट, एक ढोलना, एक कान का आभूषण, चार जोड़ी चांदी के लॉकेट, दो चंद्रहार, एक पहुंची, दो जोड़ी ब्रेसलेट समेत अन्य आभूषण बरामद किये गये हैं. पुलिस के अनुसार, बरामद आभूषणों का कुल वजन करीब 1.5 किलो है. इसके अलावा 1 लाख 7 हजार रुपये नकद और सात मोबाइल फोन भी बरामद किये गये हैं.
छापामारी दल में सदर थाना प्रभारी अशोक कुमार पासवान, पुअनि राजा दिलावर, शशि कुमार, राहुल सिन्हा, कामता कुमार, रामाकांत गुप्ता, संतोष कुमार, राजू हेम्ब्रम, सअनि अरविंद तिवारी समेत तकनीकी शाखा और जिला बल के जवान शामिल थे.
आपके शहर में
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए