लातेहार में 23,607 छात्रों की छात्रवृत्ति पर अटका डाटा एंट्री, डीसी ने जल्द पूरा करने का दिया निर्देश
उपस्थित अधिकारी | Prabhat Khabar Network
लातेहार में जिला समन्वय समिति की बैठक में उपायुक्त संदीप कुमार ने विभिन्न विभागों की योजनाओं की समीक्षा की. प्री-मैट्रिक छात्रवृत्ति की डाटा एंट्री और पीवीटीजी परिवारों को लाभ देने में हो रही देरी पर उन्होंने अधिकारियों को जल्द काम पूरा करने का निर्देश दिया.
लातेहार. जिला समाहरणालय में उपायुक्त संदीप कुमार की अध्यक्षता में जिला समन्वय समिति की बैठक हुई. इसमें विभिन्न विभागों की योजनाओं और लंबित मामलों की समीक्षा की गयी. कल्याण विभाग की समीक्षा के दौरान वित्तीय वर्ष 2026-27 की प्री-मैट्रिक छात्रवृत्ति योजना की प्रगति की जानकारी ली गयी.
बताया गया कि जिले में कुल 1,15,103 पंजीकृत विद्यार्थियों में से 81,496 विद्यार्थियों का डाटा एंट्री कार्य पूरा हो चुका है. यह कुल पंजीकृत विद्यार्थियों का 70.80 प्रतिशत है. इस पर उपायुक्त ने शेष 23,607 विद्यार्थियों का डाटा एंट्री कार्य जल्द पूरा कराने का निर्देश दिया, ताकि पात्र विद्यार्थियों को योजना का लाभ मिल सके.
839 पीवीटीजी परिवारों को भी जल्द लाभ देने का निर्देश
पीवीटीजी योजना की समीक्षा के दौरान बताया गया कि जिले में कुल 4,169 आदिम जनजाति परिवारों को डाकिया योजना का लाभ दिया जाना है. इनमें 3,330 परिवारों को लाभ मिल चुका है, जबकि 839 परिवार अभी योजना के लाभ से वंचित हैं. उपायुक्त ने शेष परिवारों को भी जल्द लाभान्वित करने का निर्देश दिया.
बैठक में सामाजिक सुरक्षा विभाग के अंतर्गत डीएलसी के अनुपालन प्रतिवेदन की भी समीक्षा की गयी. उपायुक्त ने संबंधित पदाधिकारियों को लंबित मामलों का शीघ्र निष्पादन सुनिश्चित करने को कहा.
मुख्यमंत्री पशुधन विकास योजना के तहत लाभुकों के चयन, एनीमिया मुक्त भारत कार्यक्रम के तहत आयरन और फोलिक एसिड की उपलब्धता व वितरण तथा अन्य विभागीय योजनाओं की प्रगति की भी समीक्षा की गयी. जिला स्तर पर लंबित समन्वय संबंधी मामलों पर चर्चा करते हुए उपायुक्त ने संबंधित विभागों को आवश्यक कार्रवाई कर मामलों का जल्द निष्पादन करने का निर्देश दिया.
बैठक में वन प्रमंडल पदाधिकारी प्रवेश अग्रवाल, उप विकास आयुक्त सैय्यद रियाज अहमद, अपर समाहर्ता सलमान जफर खिजरी, डीएलओ प्रभात कुमार, एसडीओ लातेहार दिनेश कुमार, एसडीओ महुआडांड़ सुलेमान मुण्डरी, सिविल सर्जन डॉ राजमोहन खलखो, उप निर्वाचन पदाधिकारी मेरी मड़की, जिला परिवहन पदाधिकारी उमेश मंडल, जिला शिक्षा पदाधिकारी गौतम साहू, जिला शिक्षा अधीक्षक ऋषिकेष कुमार समेत जिला स्तरीय पदाधिकारी तथा सभी प्रखंड विकास पदाधिकारी और अंचल अधिकारी मौजूद थे.
आपके शहर में
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए