सरकारी स्कूलों की स्वर्ण श्रेणी में लातेहार के दो स्कूल, प्रिंसिपल जाएंगे प्रशिक्षण के लिए राजस्थान

Updated:
विज्ञापन

सरईडीह प्लस टू उच्च विद्यालय के प्रधानाध्यापक उमेश टोप्पो | Prabhat Khabar Network

झारखंड के 80 सरकारी स्कूलों के प्रधानाध्यापक राजस्थान के पिरामल स्कूल ऑफ लीडरशिप में 5 दिवसीय विशेष प्रशिक्षण प्राप्त करेंगे. इसमें लातेहार के शिक्षक भी शामिल हैं.

विज्ञापन

बेतला (लातेहार). झारखंड सरकार के समग्र शिक्षा अभियान के तहत राज्य के 80 सरकारी विद्यालयों के प्रधानाध्यापकों और शिक्षकों को राजस्थान में पांच दिवसीय विशेष प्रशिक्षण दिया जायेगा. इस प्रशिक्षण कार्यक्रम के लिए लातेहार जिले से बरवाडीह प्रखंड के सरईडीह प्लस टू उच्च विद्यालय के प्रधानाध्यापक उमेश टोप्पो और राजकीय कृत प्लस टू उच्च विद्यालय, लातेहार की शिक्षिका तृप्ति भारती का विशेष रूप से चयन किया गया है.

आपके शहर में

विज्ञापन

प्रशिक्षण कार्यक्रम राजस्थान के झुंझुनूं जिले में स्थित पिरामल स्कूल ऑफ लीडरशिप, बगड़ में आयोजित किया जा रहा है. लातेहार जिले से दो शिक्षकों के चयन पर स्थानीय शिक्षा विभाग और विद्यालय परिवार में हर्ष का माहौल है.

82 विद्यालयों का स्वर्ण श्रेणी में चयन

विभागीय पत्र के अनुसार, वित्तीय वर्ष 2025-26 में झारखंड के 1456 विद्यालयों का थर्ड पार्टी के माध्यम से विद्यालय प्रमाणीकरण कराया गया था. इनमें बेहतर प्रदर्शन करने वाले 82 विद्यालयों का चयन स्वर्ण श्रेणी यानी गोल्ड कैटेगरी में किया गया. इन विद्यालयों के प्रधानाध्यापकों और शिक्षकों द्वारा किये गये उत्कृष्ट प्रयासों को देखते हुए सरकार ने इन्हें उच्च स्तरीय प्रशिक्षण के लिए चयनित किया है.

दो प्रधानाध्यापकों ने जतायी असमर्थता

प्रशिक्षण के लिए शुरुआत में कुल 82 विद्यालयों के प्रधानाध्यापकों का चयन किया गया था. हालांकि, दो जिलों के प्रधानाध्यापकों ने व्यक्तिगत कारणों से प्रशिक्षण में शामिल होने में असमर्थता जतायी. इसके बाद अब लातेहार के उमेश टोप्पो और तृप्ति भारती सहित कुल 80 प्रधानाध्यापक और शिक्षक पांच दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम में शामिल होंगे.

ये भी पढ़ें: "अचानक कहां चले गए भाई, तुम्हारे बिन विधानसभा सूनी लगेगी" - सुदिव्य सोनू के निधन पर भावुक हुए वित्त मंत्री राधाकृष्ण किशोर

16 सितंबर की शाम रांची से होंगे रवाना

सभी चयनित प्रधानाध्यापक और शिक्षक 16 सितंबर 2026 की शाम रांची से राजस्थान के बगड़ के लिए रवाना होंगे. प्रशिक्षण पूरा होने के बाद दल 23 सितंबर 2026 को वापस रांची लौटेगा. विभाग की ओर से चयनित शिक्षकों के आने-जाने के लिए यात्रा टिकट और अन्य आवश्यक व्यवस्थाएं पूरी कर ली गयी हैं.

ये भी पढ़ें: बेतला में AI बूट कैंप शुरू, स्थानीय युवाओं को हुनर के साथ रोजगार से जोड़ने की पहल

शिक्षा और स्कूल प्रबंधन में आयेगा सुधार

प्रशिक्षण का मुख्य उद्देश्य झारखंड के सरकारी विद्यालयों में नेतृत्व क्षमता को मजबूत करना और बच्चों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा प्रदान करने के नये तरीकों से शिक्षकों को परिचित कराना है. प्रशिक्षण प्राप्त करने के बाद शिक्षक अपने-अपने विद्यालयों में सीखी गयी तकनीकों और बेहतर प्रबंधन के तरीकों को लागू करेंगे. इससे लातेहार के सरईडीह प्लस टू उच्च विद्यालय सहित राज्य के अन्य सरकारी विद्यालयों में शिक्षा के स्तर और विद्यालय प्रबंधन को और बेहतर बनाने में मदद मिलेगी.

विज्ञापन

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन
Sponsored Linksby Taboola