"अचानक कहां चले गए भाई, तुम्हारे बिन विधानसभा सूनी लगेगी" - सुदिव्य सोनू के निधन पर भावुक हुए वित्त मंत्री राधाकृष्ण किशोर

Updated:
विज्ञापन

वित्त मंत्री राधाकृष्ण किशोर के साथ दिवंगत मंत्री सुदिव्य कुमार सोनू / Image - X account (Minister Radha Krishna kishore)

झारखंड के उच्च शिक्षा मंत्री सुदिव्य कुमार सोनू के असामयिक निधन से राजनीतिक जगत स्तब्ध है. वित्त मंत्री राधाकृष्ण किशोर ने उन्हें श्रद्धांजलि देते हुए अपने संस्मरण साझा किए और उनकी कमी को महसूस करने की बात कही.

विज्ञापन

रांची. झारखंड के उच्च शिक्षा मंत्री सुदिव्य कुमार सोनू के असामयिक निधन से पूरा राजनीतिक जगत स्तब्ध है. उनके निधन पर शोक व्यक्त करते हुए राज्य के वित्त मंत्री राधाकृष्ण किशोर भावुक हो उठे. उन्होंने कहा कि अभी परसों ही सुदिव्य कुमार सोनू से मुलाकात हुई थी. राज्य के वर्तमान राजनीतिक हालात से लेकर पलामू किले के जीर्णोद्धार तक कई विषयों पर उनसे बातचीत हुई थी. तब जरा भी अंदाजा नहीं था कि यह मुलाकात आखिरी होगी.

आपके शहर में

विज्ञापन

सुदिव्य से परसों ही हुई थी मुलाकात

राधाकृष्ण किशोर ने अपने X अकाउंट पर भावुक पोस्ट करते हुए कहा, "अचानक छोड़कर कहां चले गए भाई." उन्होंने कहा कि सुदिव्य कुमार सोनू के जाने की खबर पर विश्वास करना मुश्किल है. दो दिन पहले तक साथ बैठकर राज्य और समाज से जुड़े मुद्दों पर चर्चा करने वाला अपना व्यक्ति अचानक हमेशा के लिए दूर हो जाएगा, यह सोचकर ही मन विचलित हो उठता है.

झारखंड की राजनीति के एक अनमोल सितारे

उन्होंने कहा कि सुदिव्य कुमार सोनू झारखंड की राजनीति के एक अनमोल सितारे थे. कम समय में उन्होंने अपनी अलग पहचान बनाई और राजनीतिक तथा सामाजिक सरोकारों से जुड़े मुद्दों पर लगातार सक्रिय रहे. उनके साथ बातचीत में हमेशा राज्य के विकास और जनहित से जुड़े विषय प्रमुखता से सामने आते थे.

पलामू किले के जीर्णोद्धार को लेकर हुई बातचीत

वित्त मंत्री ने पलामू किले के जीर्णोद्धार को लेकर हुई बातचीत को भी याद किया. उन्होंने कहा कि झारखंड की ऐतिहासिक विरासत और पुरातात्विक धरोहरों को संरक्षित करने की चिंता सुदिव्य कुमार सोनू की प्राथमिकताओं में थी. परसों हुई बातचीत में भी इस विषय पर गंभीर चर्चा हुई थी. आज वही बातचीत उनकी यादों को और गहरा कर रही है.

ये भी पढ़ें: Sudivya Kumar Sonu Live Update: गिरिडीह में साढ़े तीन बजे होगा अंतिम संस्कार, अंतिम विदाई देने पहुंचेंगे CM हेमंत और कल्पना सोरेन

उनकी कमी हमेशा महसूस होगी

राधाकृष्ण किशोर ने कहा कि सुदिव्य कुमार सोनू के जाने से विधानसभा में उनकी कमी हमेशा महसूस होगी. उनकी मौजूदगी, सहज व्यवहार और आत्मीयता को भुलाना आसान नहीं होगा. उन्होंने भावुक होकर कहा, "सोते-जागते भाई, तुम बहुत याद आओगे. तुम्हारे बिन विधानसभा सूनी लगेगी." वित्त मंत्री ने दिवंगत मंत्री को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए ईश्वर से उनकी आत्मा की शांति और शोकाकुल परिवार को इस अपूरणीय क्षति को सहने की शक्ति देने की प्रार्थना की.

ये भी पढ़ें: मंत्री सुदिव्य सोनू के निधन से झारखंड को अपूरणीय क्षति, खूंटी कांग्रेस और तोरपा विधायक ने जताया गहरा शोक

विज्ञापन

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन
Sponsored Linksby Taboola