कसियाडीह में निजी मकान में चल रहा था अल्ट्रासाउंड केंद्र, स्वास्थ्य विभाग ने मशीन की जब्त
जप्त मशीन | Prabhat Khabar Network
मनिका प्रखंड के कसियाडीह गांव में एक निजी मकान में अवैध अल्ट्रासाउंड जांच केंद्र संचालित हो रहा था. स्वास्थ्य विभाग की टीम ने छापेमारी कर अल्ट्रासाउंड मशीन जब्त की है. संचालक मौके से फरार हो गया.
मनिका. प्रखंड क्षेत्र के कसियाडीह गांव में एक निजी मकान में कथित रूप से अवैध तरीके से संचालित अल्ट्रासाउंड जांच केंद्र पर स्वास्थ्य विभाग की टीम ने छापेमारी की. इस दौरान अल्ट्रासाउंड मशीन जब्त कर ली गयी. छापेमारी की कार्रवाई मनिका सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र के प्रभारी डॉ दिव्य क्षितिज कुजूर ने स्थानीय पुलिस और पलामू जिले के सतबरवा थाना की पुलिस के सहयोग से की.
गुप्त सूचना पर हुई कार्रवाई
स्वास्थ्य केंद्र प्रभारी डॉ कुजूर ने बताया कि उन्हें गुप्त सूचना मिली थी कि कसियाडीह गांव में एक निजी मकान में अल्ट्रासाउंड मशीन लगाकर जांच की जा रही है. सूचना के आधार पर टीम ने छापेमारी की. कार्रवाई के दौरान अल्ट्रासाउंड मशीन जब्त कर ली गयी है. उन्होंने कहा कि मामले की जांच की जा रही है. जांच पूरी होने के बाद ही आगे की जानकारी दी जा सकती है.
मकान मालकिन ने डॉक्टर के होने की बात कही
मकान मालकिन कलावती देवी ने बताया कि ओम रंजन नाम के डॉक्टर की अल्ट्रासाउंड मशीन यहां लगी थी. उनके अनुसार यहां गर्भवती महिलाओं, बच्चों और पुरुषों की जांच की जाती थी. उन्होंने कहा कि अल्ट्रासाउंड मशीन के संचालन से जुड़ी कागजी प्रक्रिया की उन्हें जानकारी नहीं है.
छापेमारी के दौरान संचालक फरार
बताया गया कि छापेमारी के दौरान अल्ट्रासाउंड संचालक मौके से फरार होने में सफल रहा. स्वास्थ्य विभाग की ओर से मामले की जांच की जा रही है. जांच के बाद ही यह स्पष्ट होगा कि केंद्र के संचालन से संबंधित नियमों और आवश्यक कागजी प्रक्रिया का पालन किया जा रहा था या नहीं.
आपके शहर में
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए