बरवाडीह में भारी बारिश का कहर, धरधरी नदी उफनाई; श्मशान घाट डूबा, घरों में घुसा पानी
चुंगरू मे सड़क मार्ग हुआ बंद | Prabhat Khabar Network
बरवाडीह में भारी बारिश से नदियां उफान पर हैं, कई सड़कें बंद हो गई हैं और बिजली आपूर्ति बाधित है। घरों में पानी घुसने से लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
बरवाडीह,लातेहार: प्रखंड मुख्यालय और आसपास के क्षेत्रों में गुरुवार की मध्य रात्रि के बाद हुई मूसलाधार बारिश से जनजीवन बुरी तरह प्रभावित हुआ. लगातार बारिश से सूखे खेत, तालाब और नदियां पानी से भर गयीं. धरधरी, कोयल और औरंगा समेत प्रखंड की कई नदियां उफान पर हैं.
आपके शहर में
धरधरी नदी का जलस्तर बढ़ने से अंतिम संस्कार में परेशानी
धरधरी नदी में अत्यधिक पानी बढ़ जाने के कारण नदी किनारे स्थित शवदाह गृह पूरी तरह पानी में डूब गया. सेवानिवृत्त रेलकर्मी विजय प्रसाद के निधन के बाद नदी में अधिक पानी होने के कारण परिजनों को दूसरे छोटे नदी घाट पर जाकर अंतिम संस्कार करना पड़ा.
नदी में पानी बढ़ने के कारण किनारे लगाए गये 33 हजार वोल्ट के दो बिजली के खंभे भी गिर गये. इससे बरवाडीह बाजार, आदर्शनगर, गढ़वाटांड़ समेत प्रखंड मुख्यालय के लगभग आधे हिस्से में देर रात से बिजली आपूर्ति बाधित है.
कई घरों में घुसा बारिश का पानी
लगातार बारिश के कारण आदर्शनगर, छठ घाट मोहल्ला, बाजार, रेलवे कॉलोनी, गढ़वाटांड़ समेत कई इलाकों में घरों में पानी घुस गया. इससे लोगों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा. कई परिवारों को घरों से पानी निकालने के लिए काफी मशक्कत करनी पड़ी.
बारिश के कारण प्रखंड कार्यालय परिसर, रेलवे क्लब समेत कई स्थानों पर घरों की चारदीवारी भी गिर गयी.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए