लातेहार के डोरांग टोला में 24 घंटे से बिजली गुल, 25 KVA ट्रांसफार्मर पर 3 टोलों का भार
लातेहार के एसटी, एससी एवं आदिम जनजाति बहुल डोरांग टोला पिछले 24 घंटे से बिजली की आपूर्ति ठप होने से जूझ रहा है. केवल 25 केवीए के एक ट्रांसफार्मर पर तीन टोलों का भार होने से बार-बार बिजली गुल हो रही है. ग्रामीण स्थायी समाधान और बड़े ट्रांसफार्मर की मांग कर रहे हैं.
हेरहंज, लातेहार: प्रखंड के एसटी, एससी एवं आदिम जनजाति बहुल क्षेत्र डोरांग टोला में पिछले 24 घंटे से बिजली आपूर्ति ठप है. बिजली नहीं रहने से ग्रामीणों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है. ग्रामीणों का कहना है कि क्षेत्र में बिजली की समस्या लंबे समय से बनी हुई है, लेकिन इसका स्थायी समाधान नहीं किया जा रहा है.
आपके शहर में
तीन टोलों को एक ही ट्रांसफार्मर से बिजली
डोरांग टोला में तीन टोले हैं और तीनों टोलों में एक ही 25 केवीए ट्रांसफार्मर से बिजली की आपूर्ति की जाती है. अधिक भार होने के कारण ट्रांसफार्मर की एलटी लाइन का फ्यूज बार-बार जल जाता है, जिससे बिजली आपूर्ति बाधित हो जाती है.
ग्रामीणों का कहना है कि बार-बार बिजली कटने के कारण उन्हें ढिबरी और अन्य वैकल्पिक साधनों के सहारे रहना पड़ रहा है. ग्रामीणों ने समस्या के स्थायी समाधान के लिए 100 केवीए का ट्रांसफार्मर लगाने की मांग की है.
यह भी पढ़ें : बरवाडीह फुटबॉल टूर्नामेंट में नावाडीह का जलवा, पेनल्टी शूटआउट में छेछा को हराकर जीता खिताब
जनप्रतिनिधियों के प्रति ग्रामीणों में नाराजगी
ग्रामीणों ने बिजली विभाग और जनप्रतिनिधियों के प्रति नाराजगी जतायी. उनका कहना है कि डोरांग टोला आदिवासी एवं वंचित समुदाय बहुल क्षेत्र है, लेकिन इसके बावजूद गांव की मूलभूत समस्याओं पर ध्यान नहीं दिया जा रहा है.
ग्रामीणों ने कहा कि चुनाव के समय विभिन्न राजनीतिक दलों के नेता और कार्यकर्ता वोट मांगने गांव पहुंचते हैं, लेकिन चुनाव के बाद उनकी समस्याओं की सुध लेने वाला कोई नहीं रहता. बिजली जैसी बुनियादी सुविधा के लिए भी ग्रामीणों को लगातार संघर्ष करना पड़ रहा है.
सुधार नहीं हुआ तो आंदोलन की चेतावनी
ग्रामीणों ने चेतावनी दी है कि अगर डोरांग टोला में बिजली व्यवस्था में जल्द सुधार नहीं किया गया और 100 केवीए का ट्रांसफार्मर नहीं लगाया गया, तो वे आंदोलन करने के लिए बाध्य होंगे.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए