16 से 25 सितंबर तक होगा विरागोदय संस्कार शिविर
मुनि श्री | Prabhat Khabar Network
कोडरमा में 16 से 25 सितंबर तक विरागोदय संस्कार शिविर का आयोजन होगा। इसमें अहिंसा, संयम और सदाचार पर मार्गदर्शन दिया जाएगा। जैन धर्म के अनुयायी जरूर जुड़ें।
कोडरमा: आचार्य शिरोमणि आचार्य गुरुदेव श्री विशुद्धसागर जी महामुनिराज के आशीर्वाद तथा जैन संत मुनि श्री 108 सुयश सागर जी मुनिराज ससंघ के सानिध्य में 16 से 25 सितंबर तक 10 दिवसीय विरागोदय संस्कार शिविर का आयोजन जैन मंदिर के बगल स्थित प्रांगण में किया जायेगा. दशलक्षण महापर्व पर होने वाले शिविर में स्थानीय श्रद्धालुओं के अलावा झारखंड के विभिन्न शहरों से भी लोग धर्मलाभ लेने पहुंचेंगे. शिविर को लेकर विरागोदय वर्षायोग कमेटी और जैन समाज में उत्साह है.
मुनि श्री सुयश सागर जी ने कहा कि शिविर के माध्यम से श्रावक आत्मकल्याण की दिशा में आगे बढ़ेंगे. धर्म और संस्कारों के साथ व्यक्ति जितना तपता है, उतना ही निखरता है. शिविर में शामिल होने के लिए बाहरी तैयारियों के साथ मन की तैयारी भी जरूरी है. इसे केवल धार्मिक आयोजन न मानकर जीवन में धर्म और संस्कारों को आत्मसात करने के अवसर के रूप में लेना चाहिए.
धार्मिक गतिविधियों के साथ बच्चों और युवाओं के लिए भी होंगे कार्यक्रम
शिविर में अहिंसा, सत्य, संयम, त्याग, तप, करुणा और सदाचार जैसे विषयों पर मार्गदर्शन दिया जायेगा. सामायिक, स्वाध्याय, पूजा-अर्चना, धार्मिक चर्चा, प्रतिक्रमण और प्रवचन सहित विभिन्न संस्कारमय गतिविधियां होंगी. बच्चों और युवाओं के लिए विशेष कार्यक्रम भी आयोजित किये जायेंगे, ताकि उन्हें जैन संस्कृति और धार्मिक मूल्यों से जोड़ा जा सके.
शिविरार्थियों को सुबह पांच बजे से रात आठ बजे तक निर्धारित धार्मिक कार्यक्रमों में शामिल होना होगा. आयोजन विरागोदय वर्षायोग कमेटी के नेतृत्व में पंडित अभिषेक शास्त्री के निर्देशन में होगा. शिविर संयोजक सिद्धार्थ जैन सेठी और कुणाल जैन ठोल्या ने मीडिया प्रभारी राज कुमार जैन अजमेरा व नवीन जैन के माध्यम से यह जानकारी दी.
आपके शहर में
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए