Koderma News: मां की हथेली बनी बेटी की कला का कैनवास, मेहंदी प्रतियोगिता में दिखा अनोखा मां-बेटी का रिश्ता
मां के हाथों पर मेहंदी रचाकर छात्राओं ने दिखाई कला. | Prabhat Khabar Network
कैलाश राय सरस्वती विद्या मंदिर में आयोजित मेहंदी प्रतियोगिता में छात्राओं ने अपनी माताओं के हाथों पर सुंदर कलाकृतियां बनाईं। स्वीटी और अनुप्रिया रहीं विजेता।
कोडरमा: कैलाश राय सरस्वती विद्या मंदिर में बालिका शिक्षा के तहत अनूठी मेहंदी प्रतियोगिता का आयोजन किया गया. प्रतियोगिता में छात्राओं ने अपनी माताओं के हाथों में मेहंदी लगाकर अपनी कलात्मक प्रतिभा के साथ मां-बेटी के रिश्ते की खूबसूरत झलक पेश की.
आपके शहर में
कक्षा षष्ठी से दसवीं तक की छात्राओं ने प्रतियोगिता में उत्साह के साथ हिस्सा लिया. छात्राओं ने अपनी माताओं की हथेलियों और कलाइयों पर पारंपरिक और आधुनिक डिजाइन बनाये. मेहंदी के रंगों के साथ इस आयोजन में मां-बेटी के प्रेम, सम्मान और अपनापन भी देखने को मिला.
मां के हाथों पर बेटियों ने सजाये खूबसूरत डिजाइन
प्रतियोगिता में उर्मिला वर्णमाला, मीना शर्मा, मीनाक्षी सिंह, किरण देवी, मनोरमा कुमारी, कंचन वर्णवाल, प्रतिमा सिंह, सुषमा कुमारी, संतोषी देवी समेत कई माताओं ने हिस्सा लिया. छात्राओं ने अलग-अलग डिजाइन बनाकर अपनी रचनात्मकता का प्रदर्शन किया.
मातृ भारती की रानी प्रसाद, अर्चना सिन्हा और सोनी कुमारी ने प्रतियोगिता का मूल्यांकन किया.
बाल वर्ग में स्वीटी कुमारी प्रथम, खुशी रंजन द्वितीय और परिधि सोनी तृतीय स्थान पर रहीं. वहीं किशोर वर्ग में अनुप्रिया प्रथम, नाया सिंह द्वितीय और अनुष्का कुमारी तृतीय स्थान पर रहीं.
मेहंदी के बहाने संस्कृति से जुड़ने का संदेश
विद्यालय के प्राचार्य आनंद मोहन ने कहा कि मेहंदी भारतीय संस्कृति और परंपरा का अहम हिस्सा है. तीज, रक्षाबंधन, करवा चौथ और विवाह जैसे अवसरों पर मेहंदी लगाने की परंपरा लंबे समय से चली आ रही है.
उन्होंने कहा कि प्रतियोगिता का उद्देश्य छात्राओं में रचनात्मकता, कलात्मकता, धैर्य और एकाग्रता बढ़ाने के साथ भारतीय संस्कृति के प्रति सम्मान की भावना विकसित करना है. विद्या भारती के विद्यालयों में बच्चों के कौशल विकास के लिए पूरे वर्ष अलग-अलग गतिविधियों और प्रतियोगिताओं का आयोजन किया जाता है.
कार्यक्रम को सफल बनाने में रानी प्रसाद, सोनी कुमारी, अर्चना सिन्हा, शर्मिष्ठा साहा, नीलम कुमारी, रिमझिम कुमारी, मोनिका कुमारी, रीतिका कुमारी और आराध्या सिंह समेत अन्य लोगों का योगदान रहा.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए