30 हजार मानदेय की मांग पर PDS डीलरों का आंदोलन, 1 सितंबर को कोडरमा में निकालेंगे बड़ी पदयात्रा
मौके पर उपस्थित विक्रेता. | Prabhat Khabar Network
कोडरमा में फेयर प्राइस शॉप डीलर्स फेडरेशन ने 1 सितंबर को सात सूत्री मांगों को लेकर आंदोलन की घोषणा की है। विक्रेताओं ने मानदेय और कमीशन भुगतान की मांग की है।
कोडरमा: फेयर प्राइस शॉप डीलर्स फेडरेशन की बैठक शनिवार को जिलाध्यक्ष की अध्यक्षता में गोपाल कुमार गुतुल के आवास पर हुई. बैठक में एक सितंबर को सात सूत्री मांगों को लेकर प्रस्तावित आंदोलन की तैयारियों पर चर्चा की गयी. सभी प्रखंडों के अध्यक्षों और जन वितरण प्रणाली के विक्रेताओं ने आंदोलन को सफल बनाने को लेकर अपने सुझाव रखे.
आपके शहर में
बैठक में निर्णय लिया गया कि एक सितंबर को जिले के सभी प्रखंडों से जन वितरण प्रणाली के विक्रेता कोडरमा पहुंचेंगे. यहां बालिका परियोजना विद्यालय के पास स्थित अंबेडकर पार्क से पदयात्रा निकाली जायेगी, जो समाहरणालय तक पहुंचेगी. दोपहर दो बजे उपायुक्त को मुख्यमंत्री के नाम ज्ञापन सौंपा जायेगा. इसमें जन वितरण विक्रेताओं की लंबित मांगों का जल्द समाधान करने की मांग की जायेगी.
30 हजार रुपये मासिक मानदेय की मांग
बैठक में जन वितरण विक्रेताओं ने कहा कि 30 सितंबर तक उनका बकाया कमीशन जल्द से जल्द दिया जाये. विक्रेताओं ने कमीशन व्यवस्था की जगह 30 हजार रुपये मासिक मानदेय देने की मांग भी उठायी. विक्रेताओं का कहना है कि लंबे समय से कमीशन का भुगतान लंबित रहने के कारण उन्हें आर्थिक परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है. ऐसे में नियमित मासिक मानदेय मिलने से उनकी आर्थिक स्थिति में सुधार होगा.
यह भी पढ़ें: कोडरमा: अब परीक्षा में नहीं होगी प्रश्नपत्र की किल्लत, JCERT ने मांगा कक्षा 1 से 12 तक छात्रों का सही आंकड़ा
खाता-बही की व्यवस्था खत्म करने की मांग
फेडरेशन ने जन वितरण प्रणाली को पेपरलेस करने की मांग भी की. विक्रेताओं ने कहा कि जब जन वितरण प्रणाली को ऑनलाइन किया जा चुका है, तो इसके बाद भी खाता-बही की मांग करना उचित नहीं है. उन्होंने ऑनलाइन व्यवस्था के अनुरूप कागजी प्रक्रिया को कम करने की मांग की.
बैठक में सात सूत्री मांगों से जुड़े अन्य मुद्दों पर भी विस्तार से चर्चा की गयी. सभी प्रखंडों के विक्रेताओं से एक सितंबर के कार्यक्रम में अधिक से अधिक संख्या में शामिल होने की अपील की गयी.
नये पदाधिकारियों को मिला प्रमाण पत्र
बैठक के दौरान प्रदेश संगठन की ओर से कोडरमा जिले के लिए मनोनीत नये पदाधिकारियों को प्रमाण पत्र भी दिया गया. प्रदेश संगठन सचिव राजेंद्र सिंह ने पदाधिकारियों को प्रमाण पत्र प्रदान किया.
गोपाल कुमार गुतुल को प्रदेश उपाध्यक्ष, सतगावां के सुरेश पांडेय को प्रदेश कार्यसमिति सदस्य बनाया गया है. वहीं डोमचांच के भोलाराम और चंदवारा के बद्री प्रसाद यादव समेत अन्य सदस्यों को भी संगठन में जिम्मेदारी दी गयी.
मौके पर सुरेश पांडेय, मनोज पांडेय, डोमन मेहता, कौशर खान, मनोज कुमार यादव, बद्री प्रसाद यादव, दिनेश कुमार, महानंद सिंह, मिथिलेश सिंह, भोलाराम, मनोज कुमार, सिकंदर दास, सिकंदर कुमार, अजीम अंसारी, प्रभुनाथ सिंह, हरजीत सिंह, अर्जुन सिंह, नंदकिशोर गुप्ता, गोपाल प्रसाद रजक समेत सभी प्रखंडों के अध्यक्ष और सदस्य मौजूद थे.
यह भी पढ़ें: कोडरमा: पढ़ाई, एमडीएम और अब कुत्तों की निगरानी! स्कूलों में शिक्षकों पर बढ़ी एक और जिम्मेदारी
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए