यह राजनीति का नहीं, बल्कि कोडरमा की अस्मिता की लड़ाई है

Published by : DEEPESH KUMAR Updated At : 12 Jun 2026 8:40 PM

विज्ञापन

जेजे कॉलेज बचाओ संघर्ष समिति ने की प्रेस वार्ता

विज्ञापन

जेजे कॉलेज बचाओ संघर्ष समिति ने की प्रेस वार्ता : विवि स्थानांतरण के निर्णय का किया विरोध कोडरमा. जेजे कॉलेज सहित जिले के सभी कॉलेजों को विनोबा भावे विश्वविद्यालय हजारीबाग से अलग कर गिरिडीह स्थित सर जेसी बोस विश्वविद्यालय से जोड़ने के फैसले का जेजे कॉलेज बचाओ संघर्ष समिति ने विरोध किया है. शुक्रवार को जिला मुख्यालय स्थित एक फैमिली रेस्टोरेंट में आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में समिति के संरक्षक सईद नसीम ने कहा कि यह निर्णय पूरी तरह छात्र विरोधी, गरीब विरोधी और अव्यवहारिक है. उन्होंने कहा कि कोडरमा जिले के अधिकतर छात्र-छात्राएं ग्रामीण और आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों से आते हैं. ऐसे में गिरिडीह जाकर पढ़ाई और विश्वविद्यालय संबंधी कार्य करना उनके लिये आर्थिक बोझ साबित होगा. सईद नसीम ने कहा कि हजारीबाग की तुलना में गिरिडीह की दूरी और यातायात व्यवस्था छात्रों के लिए अधिक कठिन है. इसका सबसे अधिक असर छात्राओं पर पड़ेगा. कई छात्राएं आवागमन की समस्या और बढ़ते खर्च के कारण बीच में ही पढ़ाई छोड़ने को मजबूर हो सकती हैं. उन्होंने कहा कि यह किसी राजनीतिक दल का मुद्दा नहीं, बल्कि कोडरमा की अस्मिता और युवाओं के भविष्य की लड़ाई है. सभी जनप्रतिनिधियों और राजनीतिक दलों को विचारधारा से ऊपर उठकर छात्रों के हित में आवाज उठानी चाहिए. फैसले से जिले के करीब 18 हजार छात्रों का भविष्य प्रभावित होगा समिति के अध्यक्ष महेश भारती और सचिव देवेंद्र कुमार ने कहा कि इस फैसले से जिले के करीब 18 हजार छात्रों का भविष्य प्रभावित होगा. उन्होंने राज्यपाल के प्रति आभार जताते हुए कहा कि महामहिम ने छात्रों की समस्याओं को गंभीरता से लेते हुए उच्च शिक्षा विभाग के प्रधान सचिव को त्वरित कार्रवाई के लिए पत्र भेजा है. समिति ने आंदोलन की रूपरेखा भी घोषित की. बताया गया कि 13 जून को सांसद, विधायक और जिला परिषद अध्यक्ष समेत स्थानीय जनप्रतिनिधियों को मांग पत्र सौंपा जायेगा और उनसे लिखित समर्थन मांगा जायेगा. वहीं 15 जून से झुमरीतिलैया के झंडा चौक सहित पूरे जिले में हस्ताक्षर अभियान और जनजागरण कार्यक्रम चलाया जायेगा. इसके बाद मुख्यमंत्री को ज्ञापन सौंपा जायेगा. मीडिया प्रभारी रवि पासवान ने कहा कि मांगें पूरी नहीं होने पर दूसरे चरण में छात्र महापंचायत, समाहरणालय घेराव और जेजे कॉलेज में अनिश्चितकालीन भूख हड़ताल की जायेगी. मौके पर मीडिया प्रभारी रवि पासवान, बिनोद कुमार, नीरज सिंह सहित कई लोग मौजूद थे.

विज्ञापन
DEEPESH KUMAR

लेखक के बारे में

By DEEPESH KUMAR

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन
Sponsored Linksby Taboola