कोडरमा: अलग-अलग हादसों में 1 की मौत, 8 घायल
दुर्घटना की सांकेतिक तस्वीर
कोडरमा और सतगावां में हुए सड़क हादसों में एक की मौत और कई घायल। वहीं ढाब गांव में बच्चों के विवाद के बाद हुई मारपीट में तीन लोग गंभीर रूप से घायल हुए हैं।
तीन बाइकों की टक्कर में चार घायल
कोडरमा बाजार. थाना क्षेत्र अंतर्गत जलवाबाद नगरखारा के समीप शुक्रवार को तीन मोटरसाइकिलों के बीच टक्कर हो गयी. हादसे में चार लोग घायल हो गये. घायलों में डोमचांच निवासी उमेश यादव व मिथलेश यादव के अलावा अन्य दो शामिल है. घटना के संबंध में मिली जानकारी के मुताबिक दो मोटरसाइकिल डोमचांच से कोडरमा की ओर आ रही थी. वहीं एक मोटरसाइकिल कोडरमा से डोमचांच की ओर जा रही थी, तीनों मोटरसाइकिल घटनास्थल पहुंचते ही आपस में टकरा गये. घायलों का इलाज सदर अस्पताल में चल रहा है.
आपके शहर में
सड़क हादसे में एक की मौत, एक घायल
सतगावां. थाना क्षेत्र के अंतर्गत ढाबा के पास शुक्रवार को सड़क हादसे में एक व्यक्ति की मौके पर ही मौत हो गयी, जबकि उनका रिश्तेदार घायल हो गया. मृतक की पहचान 40 वर्षीय सनोज कुमार दास, पिता- अर्जुन दास, ग्राम पचरुखी थाना अकबरपुर के रूप में हुई है. वहीं दुर्घटना में घायल व्यक्ति 38 वर्षीय हीरा लाल दास, पिता- कृष्णा दास, ग्राम शिवपुर थाना सतगावां का निवासी है. जानकारी के अनुसार, दोनों व्यक्ति शिवपुर से मोटरसाइकिल पर सवार होकर ग्राम पचरुखी की ओर जा रहे थे. इस दौरान ढाबा के समीप अनियंत्रित होकर मोटरसाइकिल एक पेड़ से टकरा गयी. बताया जा रहा है कि दोनों ने शराब का सेवन कर रखा था, जिसके कारण ढाबा के समीप अनियंत्रित होकर दुर्घटना के शिकार हो गये. हादसे के समय क्षेत्र में गश्ती पर निकले पुलिस उपनिरीक्षक श्रवण राम को घटना की सूचना मिली. सूचना मिलते वे दलबल के साथ मौके पर पहुंचे और आनन-फानन में दोनों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सतगावां पहुंचाया. अस्पताल में चिकित्सा प्रभारी डॉ सुरेश राम ने जांच के बाद सनोज कुमार दास को मृत घोषित कर दिया.
ये भी पढ़ें: कोडरमा-गिरिडीह मार्ग पर ट्रक की चपेट में आने से बाइक सवार युवक की मौत, एक घायल
मारपीट में महिला समेत तीन घायल, रेफर
सतगावां. थाना क्षेत्र के ग्राम ढाब में शुक्रवार की देर शाम बच्चों के बीच हुआ मामूली विवाद देखते ही देखते बड़ों तक पहुंच गया. घरवालों के आपस में उलझने और मारपीट होने से एक महिला समेत तीन लोग गंभीर रूप से घायल हो गये. जानकारी के अनुसार पीड़ित परिवार के घर के पास बच्चे साइकिल चला रहे थे. इस दौरान बच्चों के बीच कहासुनी हो गयी, जो जल्द गार्जियन के बीच मारपीट में बदल गयी. वहीं मारपीट में हुए घायलों में दिनेश रजवार, सीता देवी उर्फ सरोज देवी, टुनटुन रजवार सभी ग्राम ढाब का रहने वाला है. घटना के तुरंत बाद स्थानीय लोगों और परिजनों की मदद से सभी घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सतगावां ले जाया गया. डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार के बाद तीनों की गंभीर स्थिति को देखते हुए बेहतर इलाज के लिए उन्हें सदर अस्पताल रेफर कर दिया है. मामले की सूचना मिलने के बाद स्थानीय पुलिस घटना की छानबीन में जुट गयी है.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए