जिले में बढ़ रहे अपराध पर लगायें अंकुश : आइजी
बोकारो प्रक्षेत्र के आईजी शैलेंद्र कुमार सिन्हा पहुंचे कोडरमा
बोकारो प्रक्षेत्र के आईजी शैलेंद्र कुमार सिन्हा पहुंचे कोडरमा, की बैठक कोडरमा बाजार. बोकारो प्रक्षेत्र के आइजी शैलेंद्र कुमार सिन्हा मंगलवार को कोडरमा पहुंचे. इस दौरान उन्होंने पुलिस अधीक्षक सभागार में जिले के पुलिस पदाधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक कर आवश्यक दिशा-निर्देश दिया. इससे पूर्व समाहरणालय स्थित पुलिस अधीक्षक कार्यालय परिसर में उन्हें गार्ड ऑफ ऑनर दिया गया. बैठक में आइजी ने जिले में हाल के दिनों में बढ़ रही आपराधिक घटनाओं की समीक्षा की. उन्होंने अपराधियों को चिह्नित कर गिरफ्तारी सुनिश्चित करने तथा अपराध पर प्रभावी अंकुश लगाने का निर्देश दिया. विशेष रूप से भूमि विवाद से जुड़े मामलों पर चिंता जताते हुए उन्होंने सभी थाना क्षेत्रों में नियमित अंतराल पर थाना दिवस आयोजित करने का निर्देश दिया, ताकि जमीन विवाद से संबंधित मामलों का त्वरित निष्पादन हो सके. आइजी श्री सिन्हा ने पुलिस और आम जनता के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करने पर भी जोर दिया. उन्होंने थाना आने वाले लोगों के साथ मित्रवत व्यवहार करने तथा उनकी समस्याओं का संवेदनशीलता के साथ समाधान करने का निर्देश दिया. बैठक के बाद पत्रकारों से बातचीत में आइजी ने कहा कि जिले में जमीन विवाद के कारण आपराधिक घटनाओं में वृद्धि हुई है. इसे रोकने के लिए थाना दिवस के दौरान पुलिस पदाधिकारियों के साथ अंचलाधिकारी एवं भूमि संबंधी अन्य कर्मी भी मौजूद रहेंगे. दोनों पक्षों की उपस्थिति में मामलों का निष्पादन किया जायेगा. मौके पर पुलिस अधीक्षक कुमार शिवाशीष, एसडीपीओ प्रमोद कुमार केसरी, डीएसपी अरविंद कुमार, थाना प्रभारी विकास पासवान समेत अन्य पुलिस पदाधिकारी उपस्थित थे.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










